एल आई सी में हुआ सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन

भारतीय जीवन बीमा निगम, मंडल कार्यालय अजमेर में दिनांक 27 अक्टूबर 2025 से 2 नवम्बर 2025 तक मनाया गया “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” बड़े ही हर्षौल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस वर्ष का थीम था — “सतर्कता:हमारी साझा जिम्मेदारी ”। समारोह का मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाना और कार्मिकों को ईमानदारी, पारदर्शिता, और जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करना था।

वरिष्ठ मंडल प्रबंधक श्री पी.एन.मीना ने बताया कि “भ्रष्टाचार केवल एक कानूनी समस्या नहीं है, बल्कि यह समाज की प्रगति और विकास में एक बड़ी बाधा है। हमें इसके खिलाफ मिलकर खड़ा होना होगा और पारदर्शिता और ईमानदारी को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।”उन्होंने सभी कार्मिकों से अपील की कि वे अपने कार्यों में नैतिक आचरण, निष्ठा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा संगठन की साख को और अधिक ऊँचाइयों तक पहुँचाने में योगदान दें। लक्ष्मण कोटाई प्रबंधक (कार्मिक) ने जानकारी दी कि सप्ताह के दौरान सभी कार्मिकों द्वारा कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली गई तथा अनेक प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिनमे कार्मिकों हेतु सतर्कता कार्यशालाएं,निबंध प्रतियोगिता,स्लोगन प्रतियोगिता,सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता,स्कूली बच्चों के लिए संगोष्ठी,ग्राम सभाएं तथा वॉकथॉन का आयोजन कर कार्मिकों तथा नागरिकों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।
अरविन्द खरे प्रशासनिक अधिकारी (कार्मिक) ने बताया कि प्रतियोगिताओं में कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचारों, ज्ञान एवं रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सप्ताह के दौरान आयोजित हुई निबंध प्रतियोगिता में श्री रमेश राखेचा प्रथम,श्री विवेकराज मेहरा द्वितीय,श्री पुनीत कुमार शर्मा तृतीय, स्लोगन प्रतियोगिता में श्री राकेश कुमार सेठी प्रथम,श्री पुनीत कुमार शर्मा द्वितीय,श्री लक्ष्मण चेनानी तृतीय तथा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में श्री पुनीत कुमार शर्मा प्रथम,श्री राकेश गोयल द्वितीय,श्री मदन सिंह शेखावत तृतीय स्थान पर रहे । विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की गई। सप्ताह के दौरान मिली भागीदारी और उत्साह से यह स्पष्ट हुआ कि निगम परिवार अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को पारदर्शिता, ईमानदारी और सतर्कता के मूल्यों के साथ पूरी निष्ठा के साथ निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

error: Content is protected !!