लखनऊ। अखण्ड पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन भारत पंजीकृत यानि अपवा का सदस्यता अभियान 20 दिसम्बर दिन शनिवार से प्रारंभ हो गया है। अपवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शील गहलौत ने लखनऊ में सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के दौरान कहा कि यह अभियान उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू एंड कश्मीर, महाराष्ट्र आदि प्रदेशों में एक साथ चलाया जाएगा। प्रतापगढ़ एवं लखनऊ से प्रकाशित राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सावन साहिल एवं न्यूज सावन साहिल के सम्पादक व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शील गहलौत ने बताया कि अखण्ड पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन भारत सभी पीड़ित एवं जरूरतमंद पत्रकारों के हक एवं अधिकार की लड़ाई एक अरसे से लड़ रहा है। जिसमें पत्रकार सुरक्षा, पत्रकार आयोग, पत्रकार बीमा, पत्रकार मानदेय, वरिष्ठ पत्रकार पेंशन, दुर्घटना आर्थिक सहयोग, परिवहन निगम की बस में मान्यता प्राप्त पत्रकार जैसी सुविधाएं प्रदान कराना, बगैर जांच के पत्रकारों पर प्राथमिकी दर्ज न करना, पत्रकारों के मामलों की सुनवाई एमपी वी एमएलए कोर्ट की तरह विशेष कोर्ट में सुनवाई कराने आदि की व्यवस्था प्रदान कराने हेतु केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार से संगठन अनवरत मांग करता रहा है। इसके लिए कई बार उत्तर प्रदेश सरकार के साथ अन्य प्रदेश की सरकारों एवं प्रधान मंत्री को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। आगे उन्होंने कहा कि अपवा संगठन अपनी मांगों को शासन प्रशासन से मनवाने के लिए कटिबद्ध है। आज नहीं कल सरकार अपवा की मांगों को जरूर मानेगी इसके लिए अपवा हर स्तर की लड़ाई लड़ने के लिए संकल्पित है।