अजमेर, 9 जनवरी 2026 ।अवैध बजरी से भरे एक डंपर की टक्कर से दो निर्दोष लोगों की दर्दनाक मौत ने एक बार फिर प्रशासन और कानून व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। इस हृदयविदारक घटना पर कड़ा रोष जताते हुए अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान करने और अवैध बजरी परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
डॉ. जयपाल ने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में दिन-रात अवैध बजरी से भरे डंपर बेलगाम दौड़ रहे हैं, जो आम जनता की जान के लिए खतरा बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित थाना क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन की जानकारी होने के बावजूद न तो थानाधिकारी और न ही पुलिस प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई कर रहा है। यह लापरवाही सीधे तौर पर जानलेवा साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी अवैध बजरी परिवहन के कारण कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन हर बार मूकदर्शक बना रहता है। अवैध बजरी माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें न कानून का डर है और न ही पुलिस का।
डॉ. जयपाल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा दिया जाए, साथ ही अवैध बजरी परिवहन में लिप्त डंपर मालिकों, चालकों और संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही अवैध बजरी परिवहन पर लगाम नहीं लगाई तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी। जनता की जान की कीमत पर चल रहे इस अवैध धंधे को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कमल वर्मा
प्रवक्ता
शहर जिला कांग्रेस कमेटी