मनरेगा पर हो रहे हमलों के विरोध में कांग्रेस का संघर्ष तेज हो गया है। राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत अजमेर में उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
अजमेर, 9 जनवरी 2026।अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कमल वर्मा ने बताया कि मनरेगा बचाओ संग्राम के अंतर्गत काम के अधिकार की रक्षा के लिए चल रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत 11 जनवरी को अजमेर में एक दिवसीय प्रतीकात्मक उपवास आयोजित किया जाएगा। यह उपवास प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रखा जाएगा।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल करेंगे। उपवास के माध्यम से केंद्र सरकार से मनरेगा को कमजोर करने की नीतियों को वापस लेने और श्रमिकों को उनके अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
डॉ. जयपाल ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार और सम्मान का प्रतीक है, लेकिन वर्तमान में इसके बजट और क्रियान्वयन पर लगातार कुठाराघात किया जा रहा है।
यह एक दिवसीय प्रतीकात्मक उपवास गांधी भवन, मदार गेट, अजमेर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कमल वर्मा
प्रवक्ता
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अजमेर