कई आँखें नम, तो कई चेहरों पर सुकून भरी मुस्कान: पूर्व छात्राओं के पुनर्मिलन एवं प्रेरणा का बना मंच
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में बड़े उत्साह के साथ एल्युमनाई मीट 2026 का भव्य आयोजन एलुमनी एसोसिएशन, आईक्यूएसी एवं वर्तमान एवं पूर्व छात्राओं के संयुक्त प्रयासों से किया गया ।
कार्यक्रम में 150 से अधिक एल्युमिनाई छात्राओं ने हिस्सा लेकर पुरानी यादों की सुगन्ध बिखेरी। एलुमनाई एसोसिएशन ने एन सी सी परेड, बैंड की सुमधुर ध्वनि के साथ तिलक लगाकर, साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेट कर गर्मजोशी से पूर्व छात्राओं का स्वागत किया । एल्युमनाई मीट में सभी छात्राओं ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए खट्टी-मिठ्ठी यादों को एक दूसरे से साझा किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर चुकी छात्राओं को एक सूत्र में पिरोना तथा उन्हे एक मंच प्रदान करना जिससे उनके अनुभवों को वर्तमान छात्राओं तक पहुंचाया जा सके और संस्थान एवं पूर्व छात्राओं के बीच संबंधो को और अधिक मजबूत बनाना है । आयोजन के दौरान भविष्य में एलुमनाई नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए नियमित मीटिंग, वर्तमान छात्राओं के लिए मेंटरशिप सत्र और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसी योजनाओं पर चर्चा की गई।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ आर. सी.लोढ़ा ने एल्युमनाई के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किसी भी संस्था के लिए पूर्व छात्राएं एक मार्गदर्शक की तरह होती हैं, जो नई छात्राओं को कैरियर में आने वाली चुनौतियों और अवसरों से रूबरू कराती हैं। वर्तमान में वर्द्धमान की पूर्व छात्राएं जज, पुलिस अधिकारी, सीए, सी.एस., इंजीनियर, प्रोफेसर, और अन्य उच्च पदों पर अपनी सेवाएं दे रही है। उन्होंने पूर्व छात्राओं को महाविद्यालय से जुड़े रहने और सामूहिक उन्नति में योगदान देने की अपील की ।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ नरेन्द्र पारख ने पूर्व छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि एलुमनाई किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी पहचान और शक्ति होते है । यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि वर्द्धमान महाविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आजीवन संबंधों और सामाजिक उत्तरदायित्वों को भी महत्व देता है।
इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और एल्युमनाई इंटरेक्शन गतिविधियां, विभिन्न खेल और रोचक गतिविधियां भी आयोजित की गयी, सांस्कृतिक कार्यक्रम गीत, नृत्य, शायरी ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे यह एक यादगार और अविस्मरणीय पल बन गया।
पूर्व छात्रा एवं पूर्व सभापति शशिबाला सोलंकी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि हमें प्राप्त साधनों का सही से उपयोग कर आगे बढ़ना चाहिए। पूर्व छात्रा प्रधानाचार्य रेखा सिंगारिया ने सदैव अनुशासन का पालन करने एवं कड़ी मेहनत से मिलने वाले परिणामों की प्राथमिकता को समझाया । मॉडल एवं अभिनेत्री इशिका जैन ने बताया कि यहां आकर लगता है जैसे समय रुक गया हो, वर्द्धमान ने हमें सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं दिया बल्कि जीवन जीना और आत्मनिर्भर बनाना भी सिखाया है।
कार्यक्रम में समस्त संकाय सदस्य, कर्मचारीगण एवं छात्राएं उपस्थित रही । कार्यक्रम का संचालन निधि पंवार एवं पूजा ने किया तथा समापन शानदार हाईटी, कॉलेज की पुरानी यादों को साझा करने और भविष्य में फिर मिलने के वादों के साथ हुआ।