
जयपुर। राजस्थान सरकार के बजट 2026–27 में पत्रकारों के लिए की गई घोषणाओं ने मीडिया जगत में नई उम्मीद जगाई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पेश किए गए रिप्लाई बजट में वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन में बढ़ोतरी और पत्रकारों के लिए विशेष आवास योजना लाने की घोषणा को सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
राज्य सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र पत्रकारों को मिलने वाली पेंशन राशि में वृद्धि का ऐलान किया है। लंबे समय से पत्रकार संगठनों द्वारा पेंशन राशि बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिसे इस बजट में आंशिक रूप से स्वीकार किया गया है। इससे उन वरिष्ठ पत्रकारों को राहत मिलेगी, जिन्होंने दशकों तक समाज और लोकतंत्र के लिए सक्रिय भूमिका निभाई है। इसके साथ ही पत्रकारों के लिए विशेष आवास योजना का प्रस्ताव भी रखा गया है। यदि यह योजना प्रभावी रूप से लागू होती है तो सीमित संसाधनों में कार्य करने वाले पत्रकारों को आवासीय सुरक्षा मिल सकेगी। मीडिया जगत में इसे सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इन घोषणाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। क्लब के प्रदेश संयोजक बाबूलाल नागा ने कहा कि यह निर्णय पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन घोषणाओं को शीघ्र प्रभाव से लागू करेगी तथा पत्रकार कल्याण को लेकर अन्य लंबित मांगों पर भी संवेदनशीलता से विचार करेगी।
प्रदेश संयोजक बाबूलाल नागा ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनकी सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पत्रकारों के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा और ग्रामीण अंचल के संवाददाताओं के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना पर भी विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बजट में की गई घोषणाएं सकारात्मक शुरुआत हैं, लेकिन उनकी सफलता प्रभावी क्रियान्वयन पर निर्भर करेगी। आने वाले समय में यह देखना होगा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र पत्रकारों तक किस प्रकार और कितनी पारदर्शिता से पहुंचता है।