उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी कमल जोशी को मिला ‘जनसंपर्क श्री सम्मान’

58वें राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया, जयपुर चैप्टर द्वारा 21 अप्रैल 2026 को जयपुर स्थित पिंक सिटी प्रेस क्लब के सभागार में आयोजित समारोह में उत्तर पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री कमल जोशी को प्रतिष्ठित ‘जनसंपर्क श्री सम्मान’ से नवाजा गया।

यह सम्मान उन्हें रेलवे जनसंपर्क के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और संचार के माध्यम से आमजन एवं विभाग के बीच सेतु बनाने की उनकी विशेष कार्यशैली के लिए दिया गया। श्री कमल जोशी ने रेलवे की सूचनाओं को पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुँचाने और सटीक सूचना तंत्र विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

श्री कमल जोशी लगभग 30 वर्षों से रेलवे के जनसंपर्क विभाग में कार्यरत हैं। वर्ष 1997 में उनकी पहली नियुक्ति मुंबई में हुई, जहाँ उन्होंने 6 वर्षों तक सेवाएँ दीं। इसके पश्चात् वर्ष 2002 में वे उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर में पदस्थ हुए। वर्तमान में वे वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर के पद पर कार्यरत हैं।

अपने प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ श्री जोशी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। उन्हें लेखन, गायन, गीत-सृजन तथा विभिन्न वाद्य यंत्रों के वादन में विशेष रुचि है। पिछले 26 वर्षों में उन्होंने रेलवे के विभिन्न मंचों पर आयोजित लगभग 200 कार्यक्रमों में मंच संचालन किया है, जिनमें रेल मंत्री सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों के कार्यक्रम शामिल रहे हैं।

उन्हें वर्ष 2024-25 में देशनोक में आयोजित कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की उपस्थिति में मंच संचालन का अवसर प्राप्त हुआ, जिसे वे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण मानते हैं। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2025 में उन्हें ‘अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।

इस वर्ष राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस का मुख्य विषय “जनसंपर्कः लोकतंत्र का पांचवां स्तम्भ – संवाद से विश्वास, विश्वास से विकास” रखा गया है।

समारोह के मुख्य अतिथि फर्स्ट इंडिया समूह के प्रबंध संपादक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री पवन अरोड़ा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जन संचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एन. के. पांडेय द्वारा की गई।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ शिक्षाविद व पत्रकार डॉ. लालचंद भारतीय उपस्थित रहें। इसके अतिरिक्त समारोह में पीआरएसआई जयपुर चैप्टर की उपाध्यक्ष कविता जोशी और सचिव मनीष हूजा सहित शहर के गणमान्य पत्रकार, जनसंपर्क पेशेवर एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहें।

error: Content is protected !!