अजमेर। रीजनल कॉलेज तिराहा के पास बनी नई चौपाटी पर पिछले कई समय से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी होने के कारण क्षेत्र अंधकारमय बना हुआ है। इस कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका हमेशा बनी रहती है, जिससे आमजन की सुरक्षा पर खतरा मंडराता रहता है।
महावीर इंटरनेशनल रीजन–3 के जोन के (प्रचार-प्रसार) उपनिदेशक कमल गंगवाल,महावीर इंटरनेशनल अजयमेरू केंद्र के चेयरमैन गजेंद्र पंचोली सचिव विजय पांड्या ने बताया कि अंधेरा रहने से यहां घूमने आने वाले स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को असुविधा होती है।लाइटें बंद रहने के कारण कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि चौपाटी क्षेत्र के आसपास आनासागर के किनारे बढ़ती गंदगी, लंबे-लंबे पाइपों का अव्यवस्थित रूप से पड़े रहना,टूटी हुई बेंचें लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। इन अव्यवस्थाओं के कारण चौपाटी की सुंदरता प्रभावित हो रही है और बाहरी पर्यटकों पर शहर की नकारात्मक छवि बन रही है।
पदाधिकारी ने कहा कि जिस उद्देश्य से यह चौपाटी बनाई गई थी, वह अव्यवस्थाओं के कारण सार्थक नहीं हो पा रही है। आमजन की सुविधा एवं शहर की छवि को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं का शीघ्र समाधान आवश्यक है।