ब्यावर।श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ, ब्यावर में आज ‘अवेयरनेस इन स्कूल ड्राइव’ (विद्यालय में जागरूकता अभियान) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों, सुरक्षा तथा अनुशासन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मजिस्ट्रेट श्री राघवेंद्र दाधीच ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूकता प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की भी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कानून के प्रति सम्मान रखने, नियमों का पालन करने तथा किसी भी समस्या या गलत गतिविधि के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के जागरूकता अभियान विद्यार्थियों को सही और गलत के बीच अंतर समझने, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी को अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निवेदिता पाठक ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामाजिक समझ और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को जागरूक, अनुशासित और जिम्मेदार बनाना विद्यालय एवं समाज दोनों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।