शहर की सफाई, जलभराव का समाधान, सड़कें, लाइटें एवं अन्य मुद्दों पर हुई चर्चा
अधिकारियों को करना होगा जनता की समस्याओं का समाधान
अजमेर, 8 जुलाई। शहरी क्षेत्र में सफाई, जलभराव, सड़कें, लाइटें एवं अन्य जनहित से जुड़े मुद्दो को लेकर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। इसमें आमजन की समस्याओं को समाधान करने के निर्देश दिए। सर्किट हाउस में अजमेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग से संबंधित कामकाज एवं बारिश की तैयारियों की समीक्षा की।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने विभागीय कार्यों को पूरी जिम्मेदारी के साथ करने की हिदायत दी। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता श्री विपिन जिंदल को अजमेर शहर की मुख्य सड़कों का पैच वर्क बारिश से पूर्ण नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की। इसी प्रकार नगर निगम के सहायक अभियंता श्री सर्वेश मीणा को सिवरेज कनेक्शन करने के तुरन्त बाद सड़क मरम्मत करने के लिए ठेकेदार को पाबन्द करने के लिए सख्त निर्देश दिए दोनों अधिकारियों को लताड़ लगाई।
अजमेर शहर के निवासियों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से बारिश के दौरान ध्यान रखने की आवश्यकता है। शहर के समस्त नालों की सफाई होनी चाहिए। नागफणी तिराहा एवं वैशाली नगर बधिर विद्यालय के सामने मुख्य सड़क पर सिवरेज चेम्बर उफनने का स्थाई समाधान तत्काल करें। इसी मानसून में यह हो जाना चाहिए। इसके लिए एक पखवाड़े की समय सीमा तय की गई। इसी प्रकार आनासागर पुलिस चौकी से चामुण्डा तिराहे तक नालियों की सफाई की जाएं।
उन्होंने कहा कि काजीपुरा, रावत नगर, पीपली चौक, न्यू गोटा कॉलोनी, कृष्णा विहार एवं वरूण सागर रोड़ की कलोनियों में घर-घर कचरा संग्रहण के ऑटो टिपर के साथ-साथ सफाई कर्मचारी भी नियमित रूप से सफाई करने के लिए जाने चाहिए। बोराज तिराहा एवं टेलिफोन एक्सचेन्ज चौराहे पर भरने वाले पानी का स्थाई समाधान किया जाए। सावित्री कॉलेज से विजय लक्ष्मी पार्क तक तथा नागफणी तिराहे पर नाले का निर्माण कार्य करवाया जाए। निर्देशानुसार काम नहीं करने वाले संवेदकों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों का वेतन समय पर मिलना चाहिए। वैशाली नगर चौपाटी एचकेएच स्कूल के सामने संचालित अवैध ठेलों पर कार्यवाही की जानी चाहिए। आनासागर सक्र्यूलर रोड़ पर डिवाईडर एवं हेरिटेज लाइटों की मरम्मत होनी चाहिए। पीएनबी बैंक से संत कंवर राम कॉलोनी तक नाला निर्माण एवं श्री तुलसी सोनी के मकान से एक्सपर्ट क्लासेस तक जिग-जेग नाला लेवल कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार शहर का राउण्ड लेते रहे। सामने आने वाली समस्याओं का स्वतः ही निदान करे। शहर की सड़कों से सम्बन्धित विभाग सड़कों के गढ्ढे आगामी 7 दिन में ठीक करेंगे। नौसर घाटी पुष्कर रोड़ का पैच वर्क भी किया जाए।
उन्होंने कहा कि शहर में नवीन प्रस्तावित नौसर से चौरसियावास से पृथ्वीराज नगर, टेलिफोन एक्सचेंज चौराहे से चामुण्डा माता तिराहे तक की सड़कों में प्रगति की समीक्षा की गई। विभिन्न स्थानों से हटाई गई अस्थाई गुमटियों के स्थान पर अतिक्रमण नहीं होने चाहिए।
बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती नित्या के. सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।