वर्द्धमान की आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अभिभूत हुए समाजसेवी श्री विमल जैन

महिला शिक्षा, कौशल विकास एवं वैश्विक अवसरों से जोड़ने का दिया आश्वासन

ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय, वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल, वर्द्धमान रूट्स, वर्द्धमान फैशन डिजाइन एवं मेकअप आर्टिस्ट संस्थान सहित विभिन्न शैक्षणिक इकाइयों का अवलोकन करने पहुंचे प्रसिद्ध समाजसेवी, उद्यमी, रियल एस्टेट डेवलपर, रेडीमेड वस्त्र निर्यातक एवं श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर के सम्मानित सदस्य, दिल्ली निवासी श्री विमल जैन खिवंसरा संस्थान की आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्थाओं, अनुशासित वातावरण एवं छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे नवाचारों को देखकर अभिभूत हो उठे।

आगमन पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख, समिति के पदाधिकारियों एवं श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अवलोकन के दौरान श्री विमल जैन ने कहा कि “शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति का सबसे सशक्त आधार है। विशेष रूप से महिला शिक्षा में किया गया प्रत्येक निवेश आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करता है। जिस संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक, संस्कार और कौशल विकास का समन्वय हो, वही वास्तविक अर्थों में उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान कहलाने का अधिकारी है।”

उन्होंने महाविद्यालय में अत्यंत न्यूनतम शिक्षण शुल्क पर संचालित बीसीए, विज्ञान, योग, संगीत, फैशन डिजाइन एवं मेकअप आर्टिस्ट जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, समृद्ध पुस्तकालय, वातानुकूलित परिसर तथा छात्रा-केंद्रित शिक्षण व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि महानगरों के स्तर की आधुनिक सुविधाएँ अत्यंत सुलभ शुल्क पर उपलब्ध कराना श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति की दूरदर्शी सोच, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं शिक्षा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने समिति द्वारा महिला शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा तथा व्यक्तित्व निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वर्द्धमान की शैक्षणिक इकाइयाँ निकट भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता का नया प्रतिमान स्थापित करेंगी।

इस अवसर पर श्री विमल जैन ने वर्द्धमान परिवार की प्रतिभाशाली छात्राओं एवं विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करने का आश्वासन देते हुए कहा कि विदेशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम, उच्च शिक्षा मार्गदर्शन तथा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शिक्षा, कौशल विकास एवं छात्र हितैषी योजनाओं का अधिकतम लाभ क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों तक पहुँचाने हेतु भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया जाएगा।

अंत में उन्होंने कहा कि श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूक, आत्मनिर्भर एवं संस्कारित पीढ़ी के निर्माण का जो पुनीत कार्य कर रही है, वह वास्तव में अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!