जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की बैठक आयोजित

जिला कलक्टर ने नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और जनजागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश

अजमेर, 22 जुलाई। जिला स्तरीय नार्काे कॉर्डिनेशन सेण्टर (एनसीओआरडी) समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में जिले में नशे की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण और नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए गैर सरकारी संगठनों का सहयोग लिया जाना चाहिए। मेडिकल स्टोर पर मिलने वाली दवाओं का अवैध उपयोग रोकने के लिए रजिस्टर संधारित किए जाए। नशे के तंत्र को नष्ट करने के लिए प्रभावी कार्यवाही होनी चाहिए।

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके समानान्तर होने वाली अवैध गतिविधियों पर नजर रखने की आवश्यकता है। इससे पूर्व की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। संदिग्ध क्षेत्रों पर प्रभावी कार्यवाही कर आमजन में विश्वास उत्पन्न किया जाए। सूचना तंत्र को सुदृढ़ किया जाए एवं विभाग आपस में सूचनाओं का आदान प्रदान करें। नशे के विरूद्ध अभियान तेजी लाने के साथ में पहले की तुलना में कार्यवाही बढ़ाएं।

बैठक में पुलिस, आबकारी, चिकित्सा, शिक्षा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और सेवन की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा ने नशे के विरूद्ध की गई कार्यवाहियों से अवगत कराया। पुलिस विभाग ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और ड्रग्स सप्लाई चेन को जड़ से खत्म करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाएं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्रों को भी नियमित निरीक्षण किया जाए। नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए विशेष सेमिनार और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा एवं समाज कल्याण विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। साथ ही जनजागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर जागरूकता लाने के निर्देश दिए। कोटपा एक्ट के अंतर्गत भी कार्यवाही करें।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गणेश राम एवं श्री नरेश कुमार शर्मा, आरपीएफ के सहायक समादेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक श्री जय प्रकाश सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!