*फाइनल में 30 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप तथा इंटरमीडिएट में 32 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप किए उत्तीर्ण*
ब्यावर। द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICMAI) द्वारा घोषित सीएमए फाइनल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में ब्यावर चैप्टर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैप्टर का नाम रोशन किया।सीएमए फाइनल परीक्षा में ब्यावर चैप्टर से कुल 91 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 30 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप उत्तीर्ण किए। वहीं 13 विद्यार्थियों ने ग्रुप-III (प्रथम ग्रुप) तथा 6 विद्यार्थियों ने ग्रुप-IV (द्वितीय ग्रुप) में सफलता प्राप्त की। फाइनल परीक्षा में सोनू भाटी ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 25 प्राप्त कर ब्यावर चैप्टर का गौरव बढ़ाया।
इसी प्रकार सीएमए इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 173 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें से 32 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप उत्तीर्ण किए, जबकि 30 विद्यार्थियों ने ग्रुप-I तथा 7 विद्यार्थियों ने ग्रुप-II में सफलता प्राप्त की। इंटरमीडिएट परीक्षा में ब्यावर चैप्टर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई ऑल इंडिया रैंक (AIR) हासिल कीं। इनमें विनोद साहू ने AIR-6, योगेश शिशोदिया ने AIR-28, विकास जांगिड़ ने AIR-29 तथा संजना साहू ने AIR-44 प्राप्त की।
ब्यावर चैप्टर के चेयरमैन सीएमए मितेश चोपड़ा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि AIR-6 सहित चार ऑल इंडिया रैंक तथा फाइनल में AIR-25 प्राप्त करना ब्यावर चैप्टर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि चैप्टर भविष्य में भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
चैप्टर के सचिव सीएमए शुभम सांखला ने बताया कि विद्यार्थियों की सफलता में नियमित मार्गदर्शन, शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के साथ निरंतर संवाद तथा चैप्टर द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
PD कमेटी चेयरमैन सीएमए रुपेश कोठारी एवं स्टूडेंट कमेटी चेयरपर्सन सीएमए ज्योति सारडा सहित अन्य सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी तथा अन्य विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए निरंतर मेहनत एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ तैयारी करने का संदेश दिया।
ब्यावर चैप्टर की कार्यकारिणी के वाइस चेयरमैन सीएमए प्रकाश कोठारी, कोषाध्यक्ष सीएमए महेंद्र पीपाड़ा तथा सदस्य सीएमए अंकुर सिंघल, सीएमए आशीष कोठारी एवं सीएमए चिन्मय माहेश्वरी ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं।
चैप्टर के सदस्यों सीएमए सुमित खींचा, सीएमए पवन गोयल, सीएमए मयंक पीपाड़ा, सीएमए आशीष जैन, सीएमए अक्षय संचेती, सीएमए मेघा सोनी, सीएमए अरुण गर्ग, सीएमए नवनीत मुनोत, सीएमए दीपा दरयानी, सीएमए पीयूष दुग्गड़ सहित अन्य सदस्यों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।