अगस्त माह:- 17 कार्य दिवसों में 18 विविध प्रकार के साक्षात्कारों का आयोजन
अजमेर, 13 अगस्त। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने अपनी भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्णतः पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित कर ली हैं। आयोग द्वारा पूर्व में जारी किए गए विस्तृत परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, अगस्त 2026 से शुरू हो रहे आगामी भर्ती चक्र में लगभग 8.11 लाख पंजीकृत अभ्यर्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होंगे। एक ही भर्ती चक्र में इतने बड़े स्तर पर अभ्यर्थियों की सहभागिता के लिए सुरक्षित एवं सुचारू व्यवस्थाएं करने के लिए आयोग द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है।
शुचिता और समयबद्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता – आयोग अध्यक्ष
लिखित परीक्षाओं और साक्षात्कारों के इस वृहद कार्यक्रम व आयोग की तैयारियों के संबंध में आरपीएससी अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि युवाओं के भविष्य को लेकर आयोग अत्यंत गंभीर और प्रतिबद्ध है। आगामी महीनों में 8 लाख से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षाएं और हजारों अभ्यर्थियों के साक्षात्कार आयोजित करना एक महत्वपूर्ण दायित्व है। हमारा प्राथमिक लक्ष्य सभी प्रक्रियाओं को तय समय-सारिणी के अनुसार और पूर्ण शुचिता (पारदर्शिता) के साथ संपन्न कराना है। इसके लिए आयोग द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी नवाचारों का विस्तार किया है। परीक्षा व साक्षात्कार में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को लेकर आयोग की ’’जीरो टॉलरेंस’’ नीति है।
आरएएस और एसआई परीक्षाओं के लिए आयोग की पुख्ता तैयारी
आरएएस प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सर्वाधिक 5,08,885 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। आयोग इस वृहद परीक्षा का आयोजन 6 दिसंबर 2026 को पूरी शुचिता और दक्षता के साथ करने के लिए मुस्तैद है। वहीं, उप निरीक्षक पुनः परीक्षा-2021 के 859 पदों के लिए 2,18,131 उम्मीदवार 20 सितंबर 2026 को परीक्षा देंगे। केवल इन दो प्रमुख परीक्षाओं में ही 7.27 लाख से अधिक परीक्षार्थियों की सहभागिता होगी, जिसके लिए आयोग द्वारा परीक्षा केंद्रों से लेकर सुरक्षा तक की चाक-चैबंद व्यवस्थाएं राज्य सरकार के सहयोग एवं प्रशासन के सथ समन्व्य कर सुनिश्चित की जा रही हैं। इन दोनों बड़ी परीक्षाओं के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए आयोग ने परीक्षा केंद्रों के आवंटन से लेकर पर्यवेक्षण तक की सभी मशीनरी को सक्रिय कर दिया है।
अन्य परीक्षा
सांख्यिकी अधिकारी भर्ती -2025ः- 113 पदों के लिए 10,021 अभ्यर्थी 30 अगस्त 2026 को परीक्षा में बैठेंगे।
सहायक अभियोजन अधिकारी(प्रारंभिक परीक्षा) भर्ती- 2026:- 371 पदों के लिए 52,767 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इस परीक्षा का आयोजन 2 सितंबर 2026 को सुनिश्चित किया गया है।
प्राध्यापक (विशेष शिक्षा) भर्ती- 2026ः- 121 पदों के लिए 13,271 उम्मीदवार 8 दिसंबर 2026 को परीक्षा देंगे।
सीबीआरटी के जरिए परीक्षाओं में तेजी
भर्ती प्रक्रिया को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और त्वरित बनाने के लिए आरपीएससी तकनीकी नवाचारों का भी बेहतरीन उपयोग कर रहा है। वैज्ञानिक अधिकारी और निरीक्षक (कारखाना एवं बॉयलर्स) जैसे पदों के लिए आयोग ने ’’कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा’’ प्रणाली लागू की है। इसके तहत सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती-2025 अंतर्गत 28 पदों हेतु 832 अभ्यर्थी तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती-2026 के 3 पदों हेतु 152 अभ्यर्थी तथा निरीक्षक (कारखाना एवं बॉयलर्स) भर्ती- 2025 के 13 पदों के लिए 790 अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा देंगे। इन परीक्षाओं का आयोजन 19 सितंबर और 13 से 17 अक्टूबर 2026 के मध्य किया जाएगा। संरक्षण अधिकारी भर्ती -2025 के 12 पदों के लिए 6,608 अभ्यर्थियों की परीक्षा का आयोजन 15 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
साक्षात्कारों का रिकॉर्ड और निर्बाध आयोजन
राजस्थान लोक सेवा आयोग इन दिनों अपनी प्रशासनिक दक्षता और परिपक्वता का बेहतरीन उदाहरण पेश कर रहा है। विभिन्न विभागों की अलग-अलग प्रकृतियों वाली भर्तियों एवं पदों के लिए एक साथ साक्षात्कारों का निर्बाध आयोजन, आयोग के मजबूत प्रशासनिक ढांचे को प्रमाणित करता है। मई माह में 1201, जून में 1207 तथा जुलाई माह में सर्वाधिक 1864 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। अगस्त माह के मात्र 17 कार्य दिवसों के भीतर ही कई महत्वपूर्ण भर्तियों के साक्षात्कार एक साथ संचालित किए जा रहे हैं। इसके तहत अब तक विभिन्न भर्तियों के अंतर्गत 1210 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कार्यक्रम जारी किया जा चुका है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के साक्षात्कारों का पखवाड़ा
यह माह विशेष रूप से चिकित्सा शिक्षा विभाग के साक्षात्कारों के पखवाड़े के रूप में सामने आया है। सहायक आचार्य (चिकित्सा शिक्षा विभाग) भर्ती-2024 के तहत 10 से अधिक सुपर और ब्रॉड स्पेशियलिटीज (जैसे न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, रेडियोडायग्नोसिस, प्लास्टिक सर्जरी आदि) के साक्षात्कार लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए त्वरित गति से चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाना आयोग की प्राथमिकता को दर्शाता है।
एसआई भर्ती-2025 के साक्षात्कारों की तैयारियां शुरू
आयोग की यह रफ्तार और दूरदर्शिता केवल चिकित्सा या उच्च शिक्षा विभाग तक ही सीमित नहीं है। जहां गृह (ग्रुप-1) विभाग के तहत सब इंस्पेक्टर (टेलीकॉम) भर्ती-2024 के साक्षात्कार सफलतापूर्वक आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं इसके साथ ही सब इंस्पेक्टर भर्ती-2025 के साक्षात्कारों एवं आगे की चयन प्रक्रियाओं की रूपरेखा पर भी कार्य शुरू हो गया है।
तय समय-सीमा में भर्तियां पूरी होने का मार्ग प्रशस्त
कॉलेज शिक्षा विभाग, संस्कृत शिक्षा विभाग और गृह विभाग के लिए एक ही समय सीमा में बिना किसी बाधा के साक्षात्कार संचालित करना आरपीएससी की दक्षता एवं परिपक्वता का उत्कृष्ट उदाहरण है। आयोग के इस त्वरित और सुव्यवस्थित कदम से तय समय-सीमा में भर्तियां पूरी होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।