अजमेर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम को समय पर कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
अजमेर, 20 अक्टूबर। शहर में विकास कार्यों को गति देने तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आमजन के लिए सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त रश्मि रानी तथा नगर निगम आयुक्त श्री गौरव बुढ़ानिया ने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति एवं प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने पुरानी विश्राम स्थली स्थित आनासागर लेक फ्रंट के सभी द्वार आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए। इससे लेक फ्रंट का व्यापक जनहित में उपयोग हो सकेगा। उन्होंने लेक फ्रंट पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा यहां आने वाले आगंतुकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान हैंगिंग ब्रिज के संबंध में भी चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने आनासागर पुलिस चौकी के लिए आवंटित नवीन स्थल का भी अवलोकन किया। साथ ही आनासागर पुलिस चौकी तिराहे से टेलीफोन एक्सचेंज तिराहे, चामुण्डा तिराहे होते हुए वरूण सागर तक की सड़क के संबंध में तकनीकी विशेषज्ञों के साथ चर्चा की। उन्होंने सड़क का निर्माण विभिन्न चरणों में पर्याप्त चौड़ाई के साथ करवाने के निर्देश दिए। इसके लिए मार्ग में आने वाले अतिक्रमणों को चिह्वित करने की कार्यवाही चार दिन में पूर्ण करने तथा संबंधित अतिक्रमियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वरूण सागर रोड स्थित समारोह स्थलों पर आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग सड़क पर होने से राहगीरों को परेशानी होती है। इसे रोकने के लिए वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर ही सुनिश्चित की जाए। समारोह स्थलों से निकलने वाले खाद्य अपशिष्ट का भी नियमानुसार निस्तारण किया जाना चाहिए।
जिला कलक्टर ने वरूण सागर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने, पार्किंग क्षेत्र के अतिरिक्त उपलब्ध स्थान का सौन्दर्यीकरण कर उसे जनोपयोगी बनाने तथा पाथ-वे की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि जयपुर रोड से अजमेर में प्रवेश करने वाले लोगों को शहर का बेहतर अनुभव मिलना चाहिए। इसके लिए प्रवेश मार्ग के संपूर्ण क्षेत्र का योजनाबद्ध तरीके से सौन्दर्यीकरण किया जाए तथा संबंधित कार्य तत्काल प्रारम्भ किए जाएं। उन्होंने जयपुर रोड पर डिवाइडर के रखरखाव एवं सड़क की मरम्मत करवाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने दीपावली के अवसर पर शहर में सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।