10 लाख रुपए की लागत से लगेंगी कुल 19 सेमी हाई मास्ट लाइटें, जल्द स्थापित होंगी 13 और लाइटें
प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ेगी आधुनिक प्रकाश व्यवस्था
अजमेर, 13 अगस्त। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को अजमेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित 6 नई सेमी हाई मास्ट लाइटों का लोकार्पण किया। इन लाइटों के शुरू होने से प्रमुख धार्मिक स्थलों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शिव मंदिर नागफणी, कोटेश्वर मंदिर हाथीखेड़ा, भैरूजी का मंदिर हथाई, बोराज हथाई, काजीपुरा हथाई तथा रामदेव मंदिर पुष्कर रोड पर स्थापित सेमी हाई मास्ट लाइटों का लोकार्पण किया। इन लाइटों के चालू होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को रात्रि के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि शहर में बेहतर एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से 10 लाख रुपए की लागत से कुल 19 सेमी हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इनमें से 6 लाइटों का लोकार्पण आज दिया गया है, जबकि शेष 13 सेमी हाई मास्ट लाइटें भी शीघ्र स्थापित की जाएंगी। प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी होने से आमजन को सुविधा मिलने के साथ-साथ रात्रिकालीन आवागमन भी अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा। शहर की आवश्यकताओं के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को लगातार बेहतर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास को नई दिशा देते हुए अजमेर उत्तर से जुड़े नवीन ग्रामीण क्षेत्रों सहित वरुण सागर मार्ग स्थित नगर निगम में शामिल नई कॉलोनियों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए एक हजार स्ट्रीट एवं रोड लाइटों का लगाई गई थी। साथ ही इन नई कॉलोनियों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं सफाई व्यवस्था भी प्रारम्भ की गई थी। इससे पूर्व भी शहर के प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर 18 हाई मास्ट लाइट लगाई गई थीं। इन हाई मास्ट एवं सेमी मास्ट लाइटों के माध्यम से शहर के साथ नवीन ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। आने वाले समय में हेरिटेज लाइटों एवं अन्य विकास कार्यों से शहर में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक के सड़क निर्माण कार्य कराए गए है। अशोक उद्यान से अंबेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। इससे आगंतुकों को शहर में प्रवेश के समय सुखद अनुभव प्राप्त होगा। अजमेर को सुंदर, स्वच्छ एवं श्रेष्ठ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आगंतुक पर्यटक एवं शहरवासियों के लिए लेपर्ड सफारी, साइंस पार्क सहित विभिन्न पर्यटक स्थल विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है।