इंद्रप्रस्थ गैस, अर्पण सेवा संस्थान एवं कोडविद्या इंडिया की पहल से स्कूल स्तरीय आइडियाथॉन-2026 आयोजित
अजमेर, 13 अगस्त। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के सौजन्य से अर्पण सेवा संस्थान एवं Codevidhya India Pvt. Ltd. द्वारा संचालित कोडिंग स्किल डवलपमेंट प्रोग्राम के तहत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रिश्चियनगंज में स्कूल स्तरीय आइडियाथॉन-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने तकनीक एवं नवाचार के माध्यम से दैनिक जीवन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक एवं वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयनित 7 टीमों ने निर्णायक मंडल के समक्ष अपने-अपने अभिनव विचारों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया। छात्राओं ने स्मार्ट फार्मिंग, स्मार्ट डेस्क, स्र्माट टेबल सहित विभिन्न तकनीक आधारित नवाचार प्रस्तुत किए। इन मॉडलों एवं विचारों के माध्यम से छात्राओं ने आधुनिक तकनीक का उपयोग कर समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने का प्रयास किया।
प्रतियोगिता में सभी टीमों का मूल्यांकन निर्धारित मापदंडों के आधार पर किया गया। इसमें रचनात्मकता, नवाचार, समस्या-समाधान की क्षमता, प्रस्तुतीकरण कौशल एवं तकनीकी उपयोगिता को प्रमुख आधार बनाया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागी छात्राओं को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक एवं भविष्य की तकनीकी दुनिया से जोड़ना तथा उनमें रचनात्मक सोच, जिज्ञासा, नवाचार और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी, रोबोटिक्स एवं अन्य आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक महत्व को समझने तथा इनके माध्यम से नए एवं उपयोगी समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
विद्यालय की संस्था प्रधान श्रीमती मंजू चौनानी एवं उप-प्रधानाचार्य श्रीमती संजू भड़ाना ने छात्राओं को आधुनिक तकनीक के महत्व की जानकारी देते हुए आइडियाथॉन जैसे कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मक एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल तकनीक के उपयोग तक सीमित न रहकर तकनीक के माध्यम से नई संभावनाओं और समाधान तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्राओं को उनके उत्साह, प्रयास और नवाचारपूर्ण प्रस्तुतियों के लिए शुभकामनाएं दीं।