80 बीघा में बन रहा आईटी पार्क और 114 बीघा में बनेगा औद्योगिक क्षेत्र
अजमेर, 14 अगस्त। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने माकड़वाली क्षेत्र में नवसृजित पुलिस चौकी का विधिवत शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात दी है। इस पुलिस चौकी के शुरू होने से माकड़वाली और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ होगी। अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास का माहौल कायम होगा। स्थानीय निवासियों ने लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरे होने पर खुशी व्यक्त की है। सुरक्षा के मोर्चे पर बात करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने आमजन को आश्वस्त किया कि इस नई पुलिस चौकी की स्थापना से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगेगी। यह केवल एक शुरुआत है, आने वाले समय में क्षेत्र की आबादी और सुरक्षा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस पुलिस चौकी को पूर्ण थाने के रूप में क्रमोन्नत कराया जाएगा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर के साथ-साथ ग्रामीण व सीमावर्ती क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है। माकड़वाली क्षेत्र अब केवल एक सामान्य रिहायशी इलाका नहीं रहेगा, बल्कि यह आने वाले दिनों में जिले के प्रमुख आईटी और औद्योगिक केंद्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र के आर्थिक और व्यावसायिक परिदृश्य को बदलने वाली बड़ी घोषणाएं करते हुए बताया कि माकड़वाली में 80 बीघा भूमि पर अत्याधुनिक आईटी पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इसके ठीक समीप 114 बीघा जमीन में एक वृहद इंडस्टि्रयल एरिया विकसित किया जाएगा। यह नया औद्योगिक क्षेत्र अलवर के प्रसिद्ध भिवाड़ी इंडस्टि्रयल एरिया की तर्ज पर पूरी तरह से सुसज्जित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा।
उन्होंने बताया कि माकड़वाली और आसपास के क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए आधारभूत ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नौसर से माकड़वाली होते हुए पुष्कर हाईवे तक एक नया मार्ग तैयार किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस मार्ग के बनने से यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और ग्रामीण बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ने के लिए भी ठोस कदम उठाए गए हैं। इसी सोच के तहत माकड़वाली क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्वामी विवेकानंद मॉडल अंग्रेजी माध्यम स्कूल की स्थापना की गई है। इस विद्यालय के माध्यम से स्थानीय बच्चों को उत्कृष्ट गुणवत्ता वाली अंग्रेजी माध्यम शिक्षा अपने ही क्षेत्र में आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि खेल जगत के दृष्टिकोण से अजमेर को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाने के लिए माकड़वाली में 80 हजार बैठक क्षमता वाला एक विशाल मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम तैयार किया जा रहा है। यह स्टेडियम केवल अजमेर ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राजस्थान के खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मंच साबित होगा। यहां आने वाले समय में खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा सकेगा। इस विशाल मल्टीपर्पज स्टेडियम परिसर का उपयोग केवल खेलकूद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह विविध आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां राज्य और जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ बड़े पैमाने पर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में पर्यटन और व्यापारिक हलचल बढ़ेगी, जिसका सीधा लाभ स्थानीय व्यापारियों और युवाओं को रोजगार के अवसरों के रूप में मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अजमेर को केवल एक क्षेत्र में नहीं, बल्कि शिक्षा, पर्यटन, रोजगार, खेल और बुनियादी ढांचे जैसे विविध क्षेत्रों में समानांतर रूप से विकसित किया जा रहा है। शहर के चारों ओर बन रहे नए इंफ्रास्ट्रक्चर से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। आने वाले 2-3 वर्षों में अजमेर राज्य के सबसे विकसित और आत्मनिर्भर जिलों की श्रेणी में अग्रणी स्थान पर दिखाई देगा।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाल, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पुलिस विभाग के आला अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि चौकी में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि आम जनता को त्वरित न्याय और पूर्ण सुरक्षा का वातावरण मिल सके।