राजस्थान बीजेपी के सत्ता व संगठन में बदलाव की प्रक्रिया शुरू

वसुंधरा राजे और सतीश पूनिया को संगठन में जगह मिलने बाद व्यापक बदलाव सुनिश्चित

विशेष संवाददाता

जयपुर। बीजेपी की नई केंद्रीय कार्यकारिणी राजस्थान के राजनीतिक परिदृश्य में केवल संगठनात्मक फेरबदल नहीं है, बल्कि इसे आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीतिक तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है। पहली नजर में यह बदलाव राजस्थान को मिला सम्मान प्रतीत होता है, लेकिन गहराई से विश्लेषण करें तो इसके पीछे प्रदेश में पार्टी की भावी राजनीतिक दिशा और नेतृत्व संरचना को लेकर स्पष्ट संकेत दिखाई देते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की लंबी कवायद के बाद घोषित बीजेपी की नई केंद्रीय टीम में राजस्थान को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इनके अलावा सुनील बंसल को फिर महासचिव, राजेश मंगल को सह कोषाध्यक्ष और मन्नालाल रावत को एसटी मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर पार्टी ने यह संदेश दिया है कि राजस्थान उसके राष्ट्रीय राजनीतिक एजेंडे में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। विशेष रूप से वसुंधरा राजे और डॉ. पूनिया जैसे नेताओं को नई भूमिकाएं देकर बीजेपी ने एक ओर उनके अनुभव और वरिष्ठता का सम्मान किया है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की आंतरिक राजनीति में संतुलन साधने का प्रयास भी किया है।

राजस्थान की राजनीति की समझ रखने वाले राजनीतिक पर्यवेक्षकों की राय में बीजेपी अब अपनी दीर्घकालिक रणनीति को अंजाम देने में जुटी है, जिसमें राजस्थान में सत्ता की पुनरावृत्ति और राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक बढ़त बनाए रखना सबसे बड़ा लक्ष्य है। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार का मानना है कि बीजेपी नेतृत्व अब 2029 के लोकसभा चुनाव और उससे पहले होने वाले विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट चुका है। परिहार कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति हमेशा संगठन और सत्ता के बीच संतुलन स्थापित करने की रही है। वरिष्ठ पत्रकार हरि सिंह राजपुरोहित कहते हैं कि केंद्रीय कार्यकारिणी में वरिष्ठ नेताओं को समायोजित करना केवल सम्मान देने का मामला नहीं, बल्कि संगठनात्मक पुनर्संरचना का हिस्सा भी माना जा रहा है। राजस्थान के संदर्भ में सबसे अधिक चर्चा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भविष्य को लेकर हो रही है। हालांकि बीजेपी नेतृत्व की ओर से ऐसा कोई संकेत नहीं दिया गया है कि मुख्यमंत्री बदले जाएंगे, लेकिन राजनीतिक गलियारों में यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या भजनलाल शर्मा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को अपने नेतृत्व में विजय दिलाने की क्षमता रखते हैं। बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व आमतौर पर चुनावी परिणामों और जनस्वीकृति को प्राथमिकता देता है, इसलिए अगले दो वर्षों में सरकार के प्रदर्शन का गहन मूल्यांकन होना तय माना जा रहा है।

विश्लेषकों का यह भी कहना है कि बीजेपी नेतृत्व अब केवल चुनाव जीतने की रणनीति नहीं बना रहा, बल्कि अगले दशक के नेतृत्व की रूपरेखा तैयार कर रहा है। वरिष्ठ पत्रकार अरविंद चोटिया कहते हैं कि कारण संगठन में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ अपेक्षाकृत युवा और ऊर्जावान चेहरों को भी आगे लाने की कवायद दिखाई दे रही है। राजस्थान में भी इसी फार्मूले के तहत संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। राजनीतिक मामलों के जानकार निरंजन परिहार का मानना है कि आने वाले महीनों में प्रदेश बीजेपी संगठन में व्यापक फेरबदल देखने को मिल सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाएं पहले से चल रही हैं और केंद्रीय कार्यकारिणी के गठन के बाद इन अटकलों को और बल मिला है। परिहार कहते हैं कि केंद्र में राजस्थान से जुड़े कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव संभव माना जा रहा है। बीजेपी की कार्यशैली को देखते हुए यह माना जा रहा है कि प्रदर्शन, संगठनात्मक क्षमता और चुनावी उपयोगिता के आधार पर नई जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाना भी कई राजनीतिक संदेश देता है। एक ओर बीजेपी ने उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और जनाधार को स्वीकार किया है, वहीं दूसरी ओर उन्हें राष्ट्रीय भूमिका देकर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों के लिए जगह बनाई है। इसी तरह डॉ. सतीश पूनिया को महासचिव बनाकर संगठनात्मक अनुभव का उपयोग राष्ट्रीय स्तर पर करने का संकेत दिया गया है। कुल मिलाकर बीजेपी की नई केंद्रीय कार्यकारिणी राजस्थान के लिए सम्मान और अवसर दोनों लेकर आई है। लेकिन इससे भी बड़ा संदेश यह है कि पार्टी अब 2028 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। आने वाले समय में राजस्थान बीजेपी में संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो यह केवल पदों का परिवर्तन नहीं होगा, बल्कि बीजेपी की उस दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा होगा जिसका लक्ष्य राजस्थान में सत्ता की पुनरावृत्ति और राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक बढ़त बनाए रखना है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!