रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को शुद्ध, स्वच्छ एवं उचित दर पर खान-पान सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में आज अजमेर रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव द्वारा स्टेशन पर संचालित 22 खान-पान ट्रॉलियों का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्री मिहिर देव ने ट्रॉली संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार के अनधिकृत अथवा वैधता समाप्त (एक्सपायरी) हो चुके खाद्य पदार्थों की बिक्री कतई न की जाए। साथ ही, यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क (ओवरचार्जिंग) वसूलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, शुद्ध व निर्धारित दरों पर ही उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए।। सभी आवश्यक एवं वैध दस्तावेज ट्रॉली पर अनिवार्य रूप से हर समय उपलब्ध रहने चाहिए।ट्रॉली की निर्धारित वहन क्षमता से अधिक सामान न रखा जाए। भविष्य में क्षतिग्रस्त ट्रॉलियों की मरम्मत तथा नई ट्रॉलियों के निर्माण के संबंध में लाइसेंसधारकों से विचार-विमर्श कर आवश्यक सुधार के लिए उचित दिशा-निर्देश जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री राजकुमार उधवानी, स्टेशन प्रबंधक (राजपत्रित) श्री रविश कुमार एवं स्टेशन वाणिज्य निरीक्षक श्री सरोज कुमार सहित अन्य संबंधित रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि अजमेर मंडल पर कैटरिंग स्टालों एवं ट्रॉलियों के सघन निरीक्षण हेतु 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान जारी है। यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं अधिकृत खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 अगस्त 2026 से 03 सितंबर 2026 तक 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है।
मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक अजमेर