*मंडल रेल प्रबंधक अजमेर का ब्यावर, सोजत रोड और मारवाड़ जंक्शन दौरा*

*(अमृत स्टेशन योजना अंतर्गत जारी कार्यों का निरीक्षण: गुड्स शेड का निरीक्षण एवं “संरक्षा संवाद” में कर्मचारियों से संरक्षा चर्चा)*

मंडल रेल प्रबंधक, अजमेर श्री राजू भूतड़ा द्वारा रेल संचालन, यात्री सुविधाओं एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अजमेर–मारवाड़ जंक्शन–जोधपुर रेलखंड का विशेष निरीक्षण दौरा किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने अजमेर से प्रस्थान कर ब्यावर स्टेशन का निरीक्षण किया और अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जारी विकास कार्यों को देखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तत्पश्चात सोजत रोड रेलवे स्टेशन पर स्थित गुड्स शेड का निरीक्षण किया। इस दौरान माल लदान व अनलोडिंग सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था के संबंध में चर्चा की गई। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा द्वारा सोजत रोड़ स्टेशन पर अमृत स्टेशन योजना अंतर्गत किये जा रहे कार्यो की प्रगति की समीक्षा की और उपस्थित अधिकारियों को शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
मारवाड़ जंक्शन पर संरक्षा और सुचारू रेल परिचालन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रेल अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ ‘संरक्षा संवाद’ का आयोजन किया गया। संरक्षा संवाद के दौरान ग्राउंड लेवल पर काम करने वाले रेलवे संरक्षा, सुरक्षा व तकनीकी से जुड़े रेल कर्मचारियों से परिचालन संरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे में ‘सुरक्षा सर्वोपरि’ है। उन्होंने कर्मचारियों को शॉर्टकट न अपनाने तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी या मानवीय चूक से बचने के लिए सतर्क रहने की हिदायत दी।कार्यक्रम में कर्मचारियों ने भी फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष रखा, जिन पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। तत्पश्चात मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने स्टेशन स्थित रनिंग रूम का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को परखा। मारवाड़ जंक्शन से जोधपुर के मध्य गाड़ी संख्या 15014 रानीखेत एक्सप्रेस में ऑन-बोर्ड निरीक्षण किया, जिसके अंतर्गत ट्रेन में यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई व सुरक्षा प्रबंधों की पड़ताल की गई।
इस निरीक्षण दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक के साथ मंडल के वरिष्ठ शाखा अधिकारी— वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती भारती भारद्वाज, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री बी. एल. मीना, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री प्रदीप कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर- श्री विजेंदर कुमार, श्रीमती स्वाति जैन व श्री बी. एस. मीना, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री रामअवतार मीना तथा मंडल इंजीनियर श्री अंशुल भारती सहित अन्य रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे ।

*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!