नगर निगम चुनाव की नामांकन प्रक्रिया में सुधार की मांग

कांग्रेस शिष्टमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

अजमेर। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को आ रही परेशानियों को देखते हुए अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता विवेक पाराशर के नेतृत्व में कांग्रेस के शिष्टमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर नामांकन प्रक्रिया में आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने बताया कि शिष्टमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि नगर निकाय आम चुनाव 2026 में नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित है। नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से प्रारंभ हो चुकी है, लेकिन बीच में लगातार अवकाश होने के कारण अभ्यर्थियों को नामांकन दाखिल करने के लिए पर्याप्त कार्य दिवस उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।

गुप्ता ने बताया कि 28 अगस्त को रक्षाबंधन का अवकाश, 29 अगस्त शनिवार तथा 30 अगस्त रविवार होने के कारण नामांकन प्रक्रिया के लिए प्रभावी रूप से सीमित समय ही उपलब्ध है। ऐसे में चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों को नामांकन से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिष्टमंडल ने मांग की कि 30 अगस्त रविवार के अवकाश के दिन भी नामांकन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक सरकारी कार्यालय एवं अधिकारी सक्रिय रखे जाएं, ताकि इच्छुक प्रत्याशी समय पर अपने नामांकन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकें। साथ ही नगर निगम का कार्यालय शहर से दूर पंचशील में स्थित होने के कारण वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवकाश के दिन भी उपलब्ध रखने तथा नामांकन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए जाएं।

कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और किसी भी प्रत्याशी को केवल प्रशासनिक अव्यवस्था अथवा अवकाश के कारण नामांकन दाखिल करने के अवसर से वंचित नहीं होना चाहिए। निर्वाचन विभाग को प्रत्याशियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त समय, स्पष्ट व्यवस्था और अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम और व्यवस्थित बनाना है, ताकि प्रत्येक इच्छुक प्रत्याशी बिना किसी अनावश्यक परेशानी के लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले सके।

शिष्टमंडल में अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एडवोकेट विवेक पाराशर एवं प्रवक्ता शैलेश गुप्ता सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी
6375920300

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!