विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने किया उद्घाटन, प्रदेश के 40 जिलों से पहुंचे 14 वर्षीय खिलाड़ी
लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखकर आगे बढ़ें- श्री देवनानी
अजमेर, एक अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय, अजमेर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा प्रदेश के 40 जिलों से पहुंचे 14 वर्षीय खिलाड़ियों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न जिलों से आई टीमों ने मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी के समक्ष आकर्षक मार्चपास्ट किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने प्रतीकात्मक बास्केटबॉल पर हस्ताक्षर कर प्रतियोगिता के शुभारंभ को यादगार बनाया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि अजमेर की धरती पर प्रदेश के कोने-कोने से आए खिलाड़ियों का स्वागत है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय तक शिक्षक रहे हैं तथा राज्य सरकार में शिक्षा मंत्री का दायित्व भी निभा चुके हैं। जवाहर विद्यालय से उनका पुराना नाता है और यहीं से उन्होंने अपनी शिक्षा पूर्ण की है। बच्चों के बीच आकर उन्हें अपने बचपन के दिनों की याद आती है।
उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतियोगिता का उद्घाटन नहीं, बल्कि दशकों से चली आ रही खेल परंपराओं का उत्सव है। खेलों से अनुशासन, धैर्य, लक्ष्य के प्रति समर्पण और संघर्ष की भावना विकसित होती है। मैदान में प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का साहस देती है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करें।
श्री देवनानी ने कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल पुस्तकीय ज्ञान प्राप्त करना नहीं है। खेल शरीर, मन और बुद्धि के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खिलाड़ी जब लक्ष्य निर्धारित कर मैदान में उतरता है तो उसमें आत्मविश्वास, संघर्ष और निरंतर प्रयास की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित रखते हुए अपनी क्षमता की अंतिम सीमा तक प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई ये बालिकाएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। यह केवल खेल के मैदान में हो रहा परिवर्तन नहीं, बल्कि नए भारत की नई तस्वीर का प्रतीक है। खेल क्षेत्र में देश नई दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज यहां खेल रहीं प्रतिभाएं आगे चलकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी खिलाड़ियों को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अजमेर से अच्छी स्मृतियां लेकर लौटने की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से आई टीमों के खिलाड़ियों के साथ फोटो भी खिंचवाए।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक श्री प्रेमचंद अजमेरा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्रीमती दर्शना शर्मा, सीबीओ पीसांगन श्रीमती वीणा अग्रवाल, प्रधानाचार्य श्री अशोक कुमार सहित श्री चंद्रशेखर, श्री दिनेश कुमार ओझा, श्री रामनिवास, श्रीमती इंद्रा सोनगरा, श्री रचिव कच्छावा, खेल अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के कोच एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।