दिसम्बर तक पूरा होगा मल्टीपर्पज स्टेडियम, बजट घोषणाएं तय समय में होंगी पूरी

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने एडीए अधिकारियों की बैठक लेकर बजट घोषणाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की

जिले की बजट घोषणाओं विकास कार्यों और नवीन प्रस्तावों पर चर्चा

नई सड़कों, नालों, सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन परियोजनाओं में तेजी के निर्देश

     अजमेर, एक अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि माकड़वाली में 12 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन मल्टीपर्पज स्टेडियम का कार्य दिसम्बर माह के अंत तक पूरा किया जाए। उन्होंने बजट घोषणाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करने, नई सड़कों एवं नालों के निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने तथा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

     श्री देवनानी ने गुरुवार को सर्किट हाउस में एडीए अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों, बजट घोषणाओं तथा नवीन प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में एडीए आयुक्त श्रीमती रश्मि रानी, सचिव श्री अनिल पूनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

     उन्होंने अजमेर एंट्री प्लाजा का शेष कार्य दीपावली तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वरुण सागर के सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर कार्य प्रारम्भ करने तथा प्रस्तावित झूलेलाल मूर्ति के प्लेटफॉर्म का कार्य इसी माह पूरा करने को कहा।

चौरसियावास तालाब का होगा विकास

     श्री देवनानी ने चौरसियावास तालाब से अतिक्रमण हटाने के साथ पाथ-वे, चैनल, पार्किंग, रिटेनिंग वॉल एवं बाउंड्री वॉल के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वरुण सागर एवं चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण से अजमेर को पर्यटन के नए केन्द्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। अजमेर को झीलों की नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में योजनाबद्ध कार्य किया जाए।

दिसम्बर 2027 तक पूरा होगा कन्वेंशन सेंटर

     विधानसभा अध्यक्ष ने 28 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर का कार्य दिसम्बर 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सेंटर में 1400 से अधिक व्यक्तियों की बैठक क्षमता वाला अत्याधुनिक सभागार, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट एवं आधुनिक कॉन्फ्रेंस स्पेस सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे बड़े एवं छोटे आयोजनों, समारोहों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

रिंग रोड़ की दिशा में चार प्रमुख सड़कों के विकास पर जोर

     श्री देवनानी ने शहर में रिंग रोड की दिशा में चार प्रमुख सड़कों के विकास एवं विस्तार के कार्यों को सेक्टरवार पूरा करने के निर्देश दिए। इनमें नगर निगम के नए कार्यालय से लोहागल होते हुए नागौर हाईवे, स्टीफन चौराहे से भैरूवाड़ा-माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे, पृथ्वीराज नगर से रातीडांग-चौरसियावास होते हुए नौसरघाटी तथा रेयान स्कूल से हाथीखेड़ा होते हुए वरुण सागर एवं खरेखड़ी रोड तक सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।

विवेकानंद पार्क में बनेगा आध्यात्मिक केन्द्र

     उन्होंने 3 करोड़ रुपए की लागत से विवेकानंद पार्क में प्रस्तावित आध्यात्मिक केन्द्र की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्माण संबंधी कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अरावली की तलहटी में स्थित विवेकानंद पार्क को आधुनिक आध्यात्मिक, योग एवं ध्यान केन्द्र के रूप में विकसित किया जाए। यहां लाइब्रेरी एवं डॉक्यूमेंट्री से संबंधित सुविधाएं भी विकसित करने के निर्देश दिए।

पूरे हों सड़क एवं लाइटिंग के कार्य

     विधानसभा अध्यक्ष ने वरुण सागर तक सड़क चौड़ीकरण, प्रमुख नालों के अधूरे कार्यों को समय पर पूरा करने तथा एलीवेटेड रोड पर लाइटिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले सड़कों के निर्माण एवं पेचवर्क के कार्य पूरे किए जाएं।

     उन्होंने एडीए द्वारा 11 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से किए जा रहे हेरिटेज लाइट, डेकोरेटिव पोल, हाईमास्ट एवं आधुनिक स्ट्रीट लाइट के कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से अजमेर की रात्रिकालीन सुंदरता बढ़ेगी तथा पर्यटन गतिविधियों एवं यातायात सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

     इस अवसर पर एडीए के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!