सड़क से लेकर शिक्षा तक, अजमेर उत्तर में जारी विकास कार्य

शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार, विद्यार्थियों को मिल रहा बेहतर वातावरण- श्री देवनानी

44.82 लाख रुपये की लागत से तीन अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का शिलान्यास

     अजमेर, 7 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को वार्ड 80 स्थित वैशाली नगर के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में तीन अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। इन कक्षा-कक्षों का निर्माण डीएमएफटी फंड से 44.82 लाख रुपये की लागत से करवाया जाएगा। निर्माण कार्य अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जाएगा। विद्यालय में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण किया जा रहा है। इनके बनने से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध होने के साथ विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में भी सुविधा मिलेगी।

     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों में भवन, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

     उन्होंने कहा कि विद्यालय में बनने वाले नए कक्षा-कक्ष विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करेंगे तथा उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

     विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में स्थापित किए जा रहे पांच बालिका सैनिक स्कूलों में से एक अजमेर में बनाया जा रहा है। आज देश की महिलाएं सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऎसे में अजमेर में बालिकाओं के लिए सैनिक स्कूल की स्थापना उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

     उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे केवल विद्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि घर-घर जाकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से संवाद करें। इससे विद्यालयों में नामांकन एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में धन की कमी नहीं आने देगी तथा शैक्षणिक सुविधाओं के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

     श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों के माध्यम से विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।

     इस अवसर पर जिला मंत्री चंद्रेश सांखला, पार्षद सतीश बंसल, कुमार लालवानी, रमेश चेलानी, जिला शहर मंत्री श्री जातवेद सोनी, विकास लालवानी, देवेश मालू, बाल सिंह रावत, श्री कमल सैनी, युवराज, सावर, नवीन भाटी, मनीष वर्मा, गौरव अग्रवाल, राजू शामनानी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!