अजमेर उत्तर में विकास की रफ्तार तेज, हर वार्ड में पहुंच रहे काम, संतुलित विकास हमारी प्राथमिकता

वार्ड 79 में फ्रेण्ड्स कॉलोनी 58.41 लाख रुपये के दो सड़क कार्यों का शुभारम्भ

     अजमेर, 7 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 79 में दो सड़क निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। फ्रेण्ड्स कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कुमावत ई-मित्र की दुकान तक 40.41 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क तथा ईदगाह की गली नम्बर 2 में 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। दोनों कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों तथा आसपास की कॉलोनियों के नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

     इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मंगलवार को एक ही दिन में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारम्भ किया गया। बुधवार को भी एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के सड़क निर्माण कार्यों के साथ वैशाली नगर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में कक्षा-कक्ष निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य निरंतर जारी हैं।

     विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। अजमेर शहर के प्रत्येक वार्ड में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य करवाकर समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

     उन्होंने बताया कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क एवं अन्य विकास कार्य करवाए जा चुके हैं। शहर को रिंग रोड से बेहतर जोड़ने के लिए चार प्रमुख सड़कों के विकास एवं विस्तार की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। साथ ही हेरिटेज लाइट, डेकोरेटिव पोल, हाईमास्ट एवं आधुनिक स्ट्रीट लाइट के कार्य करवाए जा रहे हैं। इससे शहर की रात्रिकालीन सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यटन और यातायात सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

     श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर को सुंदर, स्वच्छ और बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रमुख मार्गों एवं प्रवेश क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण, हरित विकास तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अशोक उद्यान से अम्बेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण कार्यों के माध्यम से शहर के प्रवेश मार्ग को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है।

     उन्होंने बताया कि पंचशील में अत्याधुनिक साइंस पार्क, विद्यार्थियों एवं बेटियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त चार मंजिला लाइब्रेरी तथा हाथीखेड़ा में बालिकाओं के लिए सैनिक स्कूल का निर्माण जारी है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से आईटी पार्क तथा माकड़वाली रोड पर हजारों दर्शकों की क्षमता वाला खेल स्टेडियम भी निर्माणाधीन है।

     कार्यक्रम में जिला मंत्री चंद्रेश सांखला, पार्षद सतीश बंसल, कुमार लालवानी, रमेश चेलानी, जिला शहर मंत्री श्री जातवेद सोनी, विकास लालवानी, देवेश मालू, बाल सिंह रावत, श्री कमल सैनी, युवराज, सावर, नवीन भाटी, मनीष वर्मा, गौरव अग्रवाल, राजू शामनानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!