पंचायतीराज आम चुनाव – 2026 : प्रथम चरण के लिए मतदान गुरूवार 22 एवं शनिवार 24 अक्टूबर को

मतदान दल हुए रवाना

अजमेर, 21 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के अन्तर्गत गुरूवार 22 एवं शनिवार 24 अक्टूबर को मतदान किया जाएगा। बुधवार को सभी मतदान दल मतदान सामग्री लेकर सम्बन्धित रिटर्निंग अधिकारी के मार्गदर्शन में रवाना हुए।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने बताया कि पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के लिए समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े समस्त दल निर्धारित स्थानों के लिए बुधवार को रवाना हुए। पंचायती समिति सरवाड़, केकड़ी, सावर, पीसांगन, श्रीनगर एवं अजमेर ग्रामीण (आंशिक) के मतदान दलों ने राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज से प्रस्थान किया। नियुक्त मतदान दलों का द्वितीय एवं अन्तिम प्रशिक्षण के उपरान्त दल रवाना हुए। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के लिए जिले में प्रथम चरण का मतदान गुरूवार 22 एवं शनिवार 24 अक्टूबर तथा द्वितीय चरण का मतदान 28 एवं 30 अक्टूबर को होगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 दो चरणों में होने जा रहा है। प्रथम चरण में जिला परिषद के 15 वार्डों के चुनाव होंगे। जिला परिषद के वार्ड संख्या 2 (पंचायत समिति पीसांगन एवं अजमेर ग्रामीण-नांद), वार्ड संख्या 3 (पंचायत समिति पीसांगन), वार्ड संख्या 6 (पंचायत समिति पीसांगन), वार्ड संख्या 7 (पंचायत समिति पीसांगन एवं श्रीनगर), वार्ड संख्या 8 (पंचायत समिति श्रीनगर), वार्ड संख्या 12 (पंचायत समिति केकडी एवं सरवाड), वार्ड संख्या 13 (पंचायत समिति सरवाड़), वार्ड संख्या 14 (पंचायत समिति केकड़ी), वार्ड संख्या 15 (पंचायत समिति सरवाड़, केकड़ी एवं सावर), वार्ड संख्या 16 (पंचायत समिति सावर), वार्ड संख्या 17 (पंचायत समिति सावर), वार्ड संख्या 18 (पंचायत समिति केकड़ी), वार्ड संख्या 19 ( पंचायत समिति सरवाड़), वार्ड संख्या 24 (पंचायत समिति श्रीनगर) तथा वार्ड संख्या 25 (पंचायत समिति श्रीनगर) के लिए मतदान 22 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार प्रथम चरण में 22 अक्टूबर को सरवाड़, केकड़ी, सावर, पीसांगन, श्रीनगर एवं अजमेर ग्रामीण (आंशिक) के लिए पंचायत समिति सदस्य के लिए भी मतदान होगा। प्रथम चरण में पंच एवं सरपंच पद के लिए मतदान 24 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है। प्रथम चरण में पंचायत समिति सरवाड़ की 25 ग्राम पंचायतों के 15 पंचायत समिति वार्डों में 84 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पंचायत समिति केकड़ी की 22 ग्राम पंचायतों के 15 पंचायत समिति वार्डों में 83 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पंचायत समिति सावऱ की 20 ग्राम पंचायतों के 15 पंचायत समिति वार्डों में 68 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पंचायत समिति पीसांगन की 26 ग्राम पंचायतों के 17 पंचायत समिति वार्डों में 105 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पंचायत समिति श्रीनगर की 28 ग्राम पंचायतों के 19 पंचायत समिति वार्डों में 116 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण की एक (नांद) ग्राम पंचायत के एक पंचायत समिति वार्ड संख्या 10 में 5 मतदान बूथों पर मतदान होगा।

उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में जिला परिषद के 18 वार्डों के लिए मतदान होगा। जिला परिषद सदस्य वार्ड संख्या एक (पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण), वार्ड संख्या 4 (पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण एवं बडल्या), वार्ड संख्या 5 (पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण एवं बडल्या), वार्ड संख्या 9 (पंचायत समिति भिनाय), वार्ड संख्या 10 (पंचायत समिति भिनाय), वार्ड संख्या 11 (पंचायत समिति भिनाय), वार्ड संख्या 20 (पंचायत समिति अरांई), वार्ड संख्या 21 (पंचायत समिति अरांई), वार्ड संख्या 22 (पंचायत समिति अरांई), वार्ड संख्या 23 (पंचायत समिति अरांई एवं सिलोरा), वार्ड संख्या 26 (पंचायत समिति बडल्या), वार्ड संख्या 27 (पंचायत समिति बडल्या), वार्ड संख्या 28 (पंचायत समिति बडल्या एवं अजमेर ग्रामीण), वार्ड संख्या 29 (पंचायत समिति सिलोरा), वार्ड संख्या 30 (पंचायत समिति सिलोरा), वार्ड संख्या 31 (पंचायत समिति सिलोरा), वार्ड संख्या 32 (पंचायत समिति सिलोरा) तथा वार्ड संख्या 33 (पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण एवं सिलोरा) के मतदान 28 अक्टूबर को होंगे।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार द्वितीय चरण में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए मतदान भी 28 अक्टूबर को होगा। इस दिन पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण (आंशिक-नांद को छोड़कर) की 25 ग्राम पंचायतों के 18 पंचायत समिति वार्डों के 109 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पंचायत समिति बडल्या की 25 ग्राम पंचायतों के 17 पंचायत समिति वार्डों के 87 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पंचायत समिति सिलोरा की 36 ग्राम पंचायतों के 27 पंचायत समिति वार्डों के 154 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पंचायत समिति अरांई की 23 ग्राम पंचायतों के 17 पंचायत समिति वार्डों के 86 मतदान बूथों पर मतदान होगा। पंचायत समिति भिनाय की 30 ग्राम पंचायतों के 19 पंचायत समिति वार्डों के 116 मतदान बूथों पर मतदान होगा। द्वितीय चरण में पंच एवं सरपंच पद के लिए मतदान 30 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए मतदान का परिणाम निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जारी किया जाएगा। मतों की गणना सरपंच पद के लिए प्रथम चरण की शनिवार 24 अक्टूबर तथा द्वितीय चरण की 30 अक्टूबर को होगी। इसी प्रकार उप सरपंच पद की निर्वाचन प्रक्रिया प्रथम चरण के लिए रविवार 25 अक्टूबर तथा द्वितीय चरण की 31 अक्टूबर को की जाएगी। जिले के लिए जिला प्रमुख का निर्वाचन 25 नवम्बर, उप जिला प्रमुख का निर्वाचन 26 नवम्बर, प्रधानों के निर्वाचन 27 नवम्बर तथा उप प्रधानों के निर्वाचन 28 नवम्बर को होंगे।

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतदान सामग्री होगी तत्काल जमा

अजमेर, 21 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव – 2026 के अन्तर्गत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन से सम्बन्धित मतदान सामग्री तत्काल निर्धारित संग्रहण व्यवस्था स्थल पर जमा करानी होगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि पंचायतीराज आम चुनाव – 2026 के आयोग से प्राप्त कार्यक्रमानुसार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के लिए अजमेर जिले में प्रथम चरण में 22 अक्टूबर तथा द्वितीय चरण में 28 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होंगे। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के मतदान पश्चात् मतदान में प्रयुक्त ईवीएम मशीनें, मतदान सूचनाओं से संबंधी लिफाफे तथा अन्य सामग्री सहायक मतदान अधिकारी प्रथम के माध्यम से संबंधित पंचायत समिति के निर्धारित संग्रहण केन्द्रों पर जमा करवाएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के अन्तर्गत पंचायत समिति पीसांगन के लिए पंचायत समिति पीसांगन, सरवाड़ के लिए पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरवाड़, सावर के लिए उपखण्ड कार्यालय सावर, श्रीनगर (नसीराबाद) के लिए श्री गोविन्द सिंह गुर्जर राजकीय महाविद्यालय नसीराबाद, केकड़ी के लिए राजकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय केकड़ी तथा अजमेर ग्रामीण (आंशिक) के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अजमेर मतदान सामग्री संग्रहण व्यवस्था स्थल निर्धारित किए गए है।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार द्वितीय चरण का मतदान बुधवार 28 अक्टूबर को होगा। इस दिन पंचायत समिति अजमेर ग्रामीण (आंशिक) की सामग्री राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अजमेर में, अरांई की सामग्री राजकीय महाविद्यालय अरांई में, भिनाय की सामग्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय भिनाय में, सिलोरा (किशनगढ़) की सामग्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परासिया किशनगढ़ तथा बड्ल्या (अजमेर) की सामग्री राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अजमेर में होगी।

उन्होंने बताया कि संबंधित जोनल मजिस्ट्रेट पंचायत समिति के लिए निर्धारित व्यवस्था संग्रहण स्थल पर सिल्ड मशीनें तथा अन्य सामग्री जमा होने के पश्चात् पुनः संबंधित सहायक मतदान अधिकारी-प्रथम एवं सहायक मतदान अधिकारी-चतुर्थ मय सुरक्षाकर्मी को उनके ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि में ही वापस पहुँचाना सुनिश्चित करेंगे। पंचायत समिति स्तर पर संग्रहित मशीनें एवं अन्य सामग्री के संग्रहण के तत्काल पश्चात् रिटर्निंग अधिकारी पंचायत समिति द्वारा सील्ड मशीनें एवं मशीनों के साथ स्ट्रांग रूम में रखे जाने वाले लिफाफा पीई-54, पीई –56, पीई –53, पीई-55 आदि परिवहन (मय पुलिस जाप्ता) के साथ जिला मुख्यालय पर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज माखुपुरा अजमेर में स्थित स्ट्रांग में जमा करवाना सुनिश्चित करेंगे।

चुनाव पर्यवेक्षक से की जा सकती है शिकायत

अजमेर, 21 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज आम चुनाव-2026 अजमेर जिले के लिए नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक से चुनाव सम्बन्धी शिकायत एवं समन्वय के लिए सम्पर्क किया जा सकता है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि अजमेर के लिए चुनाव पर्यवेक्षक श्री मनीष गोयल आईएएस है। इनसे टेलीफोन नम्बर 0145-2940162 पर सम्पर्क किया जा सकता है। श्री मनीष गोयल से सर्किट हाऊस अजमेर के कमरा संख्या 6 में दोपहर एक बजे से 3 बजे तक मिला भी जा सकता है।

जिले में पंचायत समिति बडल्या सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

अजमेर, 21 अक्टूबर। जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के अन्तर्गत नाम निर्देशन पत्रों की वापसी के उपरान्त पंचायत समिति बडल्या सदस्य निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि पंचायत समिति बडल्या के वार्ड संख्या 14 से भारतीय जनता पार्टी के श्री श्रवण सिंह को सम्बन्धित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!