श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित वर्द्धमान इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन डिजाइनिंग एंड मेकअप आर्टिस्ट में दीपावली के त्योहार के उपलक्ष्य में फैशन डिजाइनिंग विभाग द्वारा विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप का संचालन फैशन डिजाइनिंग फैकल्टी ऋतु प्रजापति ने किया। इसमें छात्राओं को लिप्पन आर्ट और पाइप क्लीनर की सहायता से विभिन्न प्रकार की सजावटी वस्तुएं बनाना सिखाया गया।
वर्कशॉप के दौरान छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए सजावटी दीये, बंधनवार, पूजा प्लेटर, फूलों के गुलदस्ते, शुभ-लाभ और वॉल हैंगिंग सहित कई आकर्षक वस्तुएं तैयार कीं। इस गतिविधि का उद्देश्य छात्राओं को पारंपरिक कला एवं आधुनिक शिल्प तकनीकों से परिचित कराना और उनकी कलात्मक प्रतिभा को निखारना था।
वर्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक वर्कशॉप छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से छात्राओं में आत्मनिर्भरता और नवाचार की भावना विकसित होती है।
प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि छात्राओं के हुनर और रचनात्मकता का विकास करना भी है। इस प्रकार की गतिविधियां छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करती हैं और उन्हें अपने कौशल को नए आयाम देने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस प्रकार की वर्कशॉप छात्राओं को नई कला एवं शिल्प तकनीकों से परिचित कराने के साथ-साथ उनके कौशल विकास और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।