भाजपा सरकार लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी की दुश्मन: डॉ. राजकुमार जयपाल

बीकानेर हाउस की फोटो प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाए जाने पर कांग्रेस का हमला, जयपाल बोले—सच्चाई को दबाने से नहीं, सवालों का जवाब देने से चलेगा लोकतंत्र

अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल व प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने दिल्ली के बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाए जाने के मामले पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि जो सत्ता तस्वीरों से डरने लगे, वह जनता के सवालों का सामना करने की हिम्मत खो चुकी है। लोकतंत्र में असहमति को दबाना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करना बेहद चिंताजनक है।

डॉ. जयपाल ने कहा कि आखिर तस्वीरों में ऐसा क्या था, जिससे उन्हें प्रदर्शनी से हटाने की नौबत आई? यदि किसी तस्वीर या कलाकृति से असहमति है, तो उसका जवाब तर्क और लोकतांत्रिक संवाद से दिया जाना चाहिए, न कि उसे हटाकर विचारों को दबाने का प्रयास किया जाए। भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि तस्वीरें हटाने का निर्णय किसने लिया और इसके पीछे क्या कारण थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता विपक्ष में रहते हुए लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की दुहाई देते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद आलोचना और असहमति के प्रति उनका रवैया सवालों के घेरे में आ जाता है। लोकतंत्र किसी सरकार की निजी जागीर नहीं है और न ही सत्ता में बैठे लोगों को यह अधिकार है कि वे तय करें कि देश की जनता क्या देखेगी, क्या सुनेगी और क्या सवाल पूछेगी।

डॉ. जयपाल ने कहा कि तस्वीरों को हटाने से विचार समाप्त नहीं होते और सवालों को दबाने से सच्चाई छिपती नहीं है। सरकार को अपनी आलोचना से डरने के बजाय जनता के सामने तथ्यों के साथ जवाब रखना चाहिए। यदि किसी स्तर पर अनुचित हस्तक्षेप हुआ है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार को लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भाषण देने के बजाय अपने आचरण से इन मूल्यों का सम्मान करना चाहिए। यदि सरकार को किसी तस्वीर, विचार या सवाल से परेशानी है, तो उसे तथ्यों के आधार पर जवाब देना चाहिए। सत्ता का अहंकार संविधान से बड़ा नहीं हो सकता और आलोचना को दबाकर लोकतंत्र को मजबूत नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि फोटो प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाए जाने के पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सार्वजनिक की जाए तथा कलाकारों, लेखकों और नागरिकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में अनुचित हस्तक्षेप नहीं होने दिया जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक स्वतंत्रताओं की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। भाजपा सरकार को समझना चाहिए कि जनता के सवालों से बचने की राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकती।

जारीकर्ता:
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!