विशेष अभियान 6.0 के तहत अजमेर मंडल के 18 प्रमुख स्टेशनों पर रेल जन संवाद सफलतापूर्वक सम्पन्न

(अजमेर में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने किया यात्रियों से जन -संवाद)

अजमेर मंडल में दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को जानना तथा यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाना रहा ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव के अनुसार इस कार्यक्रम के अंतर्गत अजमेर मंडल के 18 प्रमुख स्टेशनों पर रेल यात्रियों से संवाद किया गया। अजमेर स्टेशन पर प्रातः 10:30 बजे मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा यात्रियों से सीधे संवाद किया। श्री राजू भूतड़ा ने अजमेर एवं ब्यावर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद किया। उन्होंने अजमेर से ब्यावर के बीच अरावली एक्सप्रेस ट्रेन में तथा ब्यावर से अजमेर के बीच मैसूर एक्सप्रेस में यात्रा कर 200 से अधिक यात्रियों से फीडबैक भी लिया तथा समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री मनोज मीणा, मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री योगेंद्र सिंह, स्टेशन अधीक्षक श्री रवीश कुमार सहित अन्य रेल अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

अजमेर मंडल के 18 प्रमुख स्टेशनों पर रेल जन संवाद आयोजित किया गया जिनमें अजमेर, उदयपुर सिटी, फतेहनगर, कपासन, सोमेसर, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, फालना, जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबू रोड, रानी, भीलवाड़ा, राणाप्रतापनगर, मावली जंक्शन, सोजत रोड, डूंगरपुर एवं बिजयनगर शामिल है। रेल जन संवाद के दौरान यात्रियों को रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, स्वच्छ एवं स्वस्थ रेल वातावरण के निर्माण में प्रत्येक यात्री की सहभागिता के महत्व पर भी जोर दिया गया। यात्रियों से बातचीत के दौरान रेल सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया तथा यात्रा के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।

संवाद के दौरान यात्रियों से पेयजल, प्रतीक्षालय, पार्किंग, दिव्यांगजन हेतु सुविधाओं, स्वच्छता, खानपान तथा अन्य यात्री सुविधाओं के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए गए साथ ही यात्रियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निवारण के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!