विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया कार्य का शुभारम्भ
अजमेर, 27 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को वार्ड संख्या 17 केसरगंज स्थित दयानन्द बाल सदन के बालगृह में विधायक कोष से 10 लाख रुपए की लागत से फर्श निर्माण एवं जीर्णाेद्धार कार्य का शुभारम्भ किया। इस कार्य के पूर्ण होने से बालगृह में निवासरत बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा उनके लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि दयानन्द बाल सदन देश की पुरानी सेवाभावी संस्थाओं में से एक है। यह स्वयंसेवी संस्था अनाथ, निराश्रित, असहाय तथा खोए हुए बालक-बालिकाओं का निःशुल्क पालन-पोषण करने के साथ उन्हें शिक्षित एवं संस्कारित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। संस्था के माध्यम से अनेक बच्चों को आत्मनिर्भर एवं समाजोपयोगी नागरिक बनाने में योगदान दिया गया है। संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विधायक एवं शिक्षा मंत्री के रूप में वे कई अवसरों पर दयानन्द बाल सदन में आ चुके हैं। संस्था की ओर से फर्श निर्माण एवं जीर्णाेद्धार कार्य करवाने का अनुरोध किया गया था। बच्चों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विधायक कोष से 10 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी राशि से यह कार्य करवाया जा रहा है।
श्री देवनानी ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की देखभाल, शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में दयानन्द बाल सदन जैसी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। फर्श निर्माण एवं जीर्णाेद्धार कार्य पूर्ण होने से बालगृह की व्यवस्थाओं में सुधार होगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से ऎसे सेवाभावी कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों में भवन, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी एवं महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा को गुलदस्ता भेंट कर एवं माल्यार्पण कर तथा शॉल ओढ़ाकर संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष श्री संदीप गोयल, वार्ड पार्षद श्री बालेश गोहिल, पूर्व पार्षद श्रीमती भारती श्रीवास्तव बाल सदन के कार्यकारी प्रधान श्री धन्ना लाल शर्मा, व्यवस्थापक डॉ. अशोक मेघवाल, कोषाध्यक्ष श्री आशीष शर्मा, उप व्यवस्थापिका श्रीमती यशोदा आर्या, प्रबन्धक एवं प्रधान सेवक श्री राजेन्द्र कुमार आर्य, सभासद श्री नाथूराम आर्य एवं अभिषेक आर्य सहित दयानन्द बाल सदन स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।