कबाड़ से कमाई: भारतीय रेलवे ने अर्जित किए 628.49 करोड़ रुपए, अजमेर मंडल ने 7 माह में जुटाए 33.91 करोड़ रुपए

भारतीय रेलवे ने स्वच्छता और कार्यकुशलता को बढ़ावा देते हुए कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण से 628.49 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया है। देशभर में 2 से 31 अक्टूबर तक चलाए गए ‘विशेष अभियान 6’ के तहत यह बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। इस राष्ट्रीय अभियान में उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चालू वित्त वर्ष के शुरुआती सात महीनों में ही 33.91 करोड़ रुपए का राजस्व जुटाया है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन व मंडल के विभिन्न विभागों के सहयोग से वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक श्री बंशीलाल मीणा के निर्देशन में कबाड़ निस्तारण के मामले में अजमेर मंडल ने भी उल्लेखनीय राजस्व अर्जित किया है। अजमेर मंडल ने अक्टूबर माह में ही कबाड़ बिक्री से 10.94 करोड़ रुपए कमाए ।  वहीं चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से अक्टूबर तक यह आंकड़ा 33.91 करोड़ रुपए तक पहुंच गया अर्थात अजमेर मंडल ने  सात माह में ही 33.91 करोड़ जुटाए। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में हुई ई-नीलामी में 10 लॉट के तहत  703.083 टन कबाड़ की बिक्री से 3.095 करोड़ रुपए की आय हुई। इससे रेलवे परिसरों में अनुपयोगी सामग्री हटने के साथ खाली जगह का बेहतर उपयोग भी संभव हुआ।
रेलवे ने इसके लिए 600 करोड़ रुपए का लक्ष्य रखा था। अभियान के दौरान लक्ष्य से 28.49 करोड़ रुपए अधिक राजस्व मिला। वहीं रेलवे स्टेशनों,कार्यालयों और कार्यशालाओं में एक लाख से अधिक स्वच्छता अभियान चलाकर कबाड़ हटाया गया और 6 लाख 20 हजार 121 वर्गफीट जगह खाली कराई गई। अभियान में पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया गया। देशभर में 1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का निस्तारण किया गया,जिससे 10.43 करोड़ रुपए की आय हुई। इसके अलावा पुराने भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की समीक्षा कर अनावश्यक अभिलेख हटाए गए। जन शिकायतों,अपीलों और अन्य लंबित मामलों के निस्तारण पर भी ध्यान दिया गया।
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!