जन गण मन में राजस्थान कहां खो गया?

क्या आपने कभी विचार किया है कि भारत के राष्ट्रगान जन गण मन में राजस्थान का नाम क्यों नहीं है? राजपूताना की गौरवशाली विरासत होने के बावजूद राष्ट्रगान में इसका उल्लेख क्यों नहीं है ?
इसे समझने के लिए हमें राजनीतिक परिस्थितियों और राष्ट्रगान की रचना के ऐतिहासिक संदर्भ को समझना होगा।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 1911 में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर ने जन गण मन की रचना की थी। जब राष्ट्रगान लिखा गया, तब आज का राजस्थान एकीकृत राज्य नहीं था। उस समय इस क्षेत्र को मुख्य रूप से राजपूताना कहा जाता था। यहां अनेक रियासतें थीं, जिनमें प्रमुख थीं जयपुर,
जोधपुर, उदयपुर (मेवाड़), बीकानेर, जैसलमेर, कोटा, बूंदी, अलवर, भरतपुर आदि। इन रियासतों पर अलग-अलग राजघरानों का शासन था। ये ब्रिटिश भारत के सीधे प्रशासित प्रांतों की तरह नहीं थीं, बल्कि अधिकांश ब्रिटिश सर्वोच्चता के अधीन रियासतें थीं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रगान राष्ट्रगान की शुरुआती पंक्तियों में इन क्षेत्रों का उल्लेख है-
पंजाब-सिंध-गुजरात-मराठा, द्राविड़-उत्कल-बंग। यहां अलग-अलग भौगोलिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों का उल्लेख है।
पंजाब – उत्तर-पश्चिम भारत का क्षेत्र। सिंध – वर्तमान पाकिस्तान का क्षेत्र। गुजरात – पश्चिम भारत। मराठा – महाराष्ट्र का सांस्कृतिक क्षेत्र। द्राविड़ – दक्षिण भारत। उत्कल – ओडिशा। बंग – बंगाल। इसके बाद विंध्याचल, हिमालय, यमुना और गंगा का उल्लेख आता है। ऐसे में सचाल यह उठता है कि क्या राजस्थान को जानबूझ कर छोड़ दिया गया था?
इस संबंध में कोई प्रमाणित ऐतिहासिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, जिससे यह साबित हो कि रवीन्द्रनाथ टैगोर ने जानबूझ कर राजस्थान या राजपूताना को राष्ट्रगान से बाहर रखा था।
एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि राष्ट्रगान में भारत के सभी क्षेत्रों का नाम नहीं है। यह कोई राज्यों की सूची नहीं, बल्कि भारत की विविध भौगोलिक और सांस्कृतिक पहचान का काव्यात्मक चित्रण है। अब मुद्दा यह कि जब राष्ट्रगान स्वीकार किया गया, तब राजस्थान बन चुका था? यह एक रोचक तथ्य है। 1911 में जन गण मन पहली बार गाया गया। 1948 से राजस्थान के एकीकरण की प्रक्रिया शुरू हुई। 1950 में संविधान सभा ने जन गण मन को राष्ट्रगान के रूप में स्वीकार किया। 1956 में राजस्थान का वर्तमान स्वरूप लगभग पूरा हुआ।
अर्थात राष्ट्रगान को आधिकारिक मान्यता मिलने के समय भी राजस्थान का एकीकरण अपनी प्रक्रिया से गुजर रहा था। बेषक राजस्थान का नाम नहीं होना ऐतिहासिक तथ्य है, लेकिन इसके पीछे किसी सुनियोजित उपेक्षा का निष्कर्ष निकालने के लिए पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं।
अब सवाल यह कि क्या राजस्थान का नाम राष्ट्रगान में जोड़ा जा सकता है? सैद्धांतिक रूप से राष्ट्रगान के शब्दों में बदलाव की संभावना को पूरी तरह नकारा नहीं जा सकता। 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी कहा था कि सरकार आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रगान के शब्दों में बदलाव अधिकृत कर सकती है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!