भारत से अमेरिका तक गूंजा ‘नारी शक्ति’ का संदेश, न्यू जर्सी में LVGC के अभियान को मिला सांस्कृतिक समर्थन

धनतेरस और दीपावली पर Yaman Arts Foundation ने एडिसन में आयोजित किया विशेष संगीत समारोह; भारतीय महिला कलाकारों ने शास्त्रीय प्रस्तुतियों से दिखाई प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत की झलक

एडिसन (न्यू जर्सी, अमेरिका) | न्यूज़ दिल्ली

भारत में Luniya Vinayak Group of Companies (LVGC) की ओर से संचालित ‘नारी शक्ति’ अभियान को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सांस्कृतिक सहयोग और समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में LVGC के सहयोगी संगठन Yaman Arts Foundation ने अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य के एडिसन शहर में धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर ‘नारी शक्ति’ विषय पर विशेष संगीतमय समारोह का आयोजन किया।

यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को समर्पित रहा। समारोह में भारतीय मूल की प्रतिभाशाली महिला कलाकारों ने अपनी संगीत साधना और प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला प्रतिभा, कला कौशल और सांस्कृतिक विरासत का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस विशेष आयोजन की मेजबानी खानोलकर परिवार ने की।

कार्यक्रम में युवा गायिकाओं मानसी तारिगोप्पुला और प्रियल गर्ग ने राग रागेश्री तथा ‘माँ शारदे’ की मनमोहक युगल प्रस्तुति से श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद बाल कलाकार इशाना बनर्जी ने अपनी मधुर बांसुरी वादन से उपस्थित संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कुमारी अद्रिजा भट्टाचार्य ने रामपुर-सहसवान घराने की शास्त्रीय गायन परंपरा का परिचय देते हुए राग पूर्वी में विलंबित और द्रुत बंदिशें प्रस्तुत कीं। वहीं, विदुषी रोसी दत्ता पंडित ने ग्वालियर घराने की गायन शैली में राग केदार और कजरी की शानदार प्रस्तुति देकर संगीत संध्या को विशेष बना दिया।

कलाकारों की प्रस्तुतियों को श्रीमती अर्चना गोल्लामुडी ने हारमोनियम और ताल रत्न पंडित आदित्य नारायण बनर्जी ने तबले पर प्रभावशाली संगत प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन श्री तेजेयु खानोलकर ने किया, जबकि मिहिर खानोलकर ने ध्वनि व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली।

भारत से अमेरिका तक महिला सशक्तिकरण की पहल

LVGC का ‘नारी शक्ति’ अभियान महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और व्यावसायिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने, अपना व्यवसाय स्थापित करने और नेतृत्व की मुख्यधारा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

भारत में अभियान के तहत महिलाओं को अपनी कंपनी स्थापित करने, स्वरोजगार और व्यवसाय शुरू करने तथा आत्मनिर्भर उद्यमी एवं CEO के रूप में अपनी पहचान बनाने के लिए मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

इसी विचारधारा को Yaman Arts Foundation द्वारा अमेरिका में भारतीय कला और संस्कृति के माध्यम से प्रस्तुत करना अभियान के अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक विस्तार की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल है। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि महिलाओं की प्रतिभा, क्षमता और उपलब्धियों का सम्मान किसी देश या भौगोलिक सीमा तक सीमित नहीं है।

कला, संस्कृति, शिक्षा, उद्यमिता और सामाजिक नेतृत्व जैसे विविध क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी और उपलब्धियों को पहचान देना ही वास्तविक सशक्तिकरण की आधारशिला है। धनतेरस और दीपावली के शुभ अवसर पर आयोजित इस समारोह ने भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को अमेरिका की धरती पर जीवंत करने के साथ भारत और अमेरिका के बीच सांस्कृतिक आत्मीयता को भी मजबूत किया।

LVGC परिवार ने इस आयोजन को महिला सम्मान, स्वाभिमान, सांस्कृतिक विरासत और आत्मनिर्भरता के साझा संकल्प को आगे बढ़ाने वाला प्रेरणादायक प्रयास बताया।

नारी शक्ति – सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की नई पहचान!

(SDNA) विशेष समाचार 

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!