वृद्धाश्रम के आवासियों को करवाया कार्तिक माह में पुष्करराज का धार्मिक भ्रमण

अजमेर, 12 नवम्बर। ताराचन्द हुंदलदास खानचन्दानी सेवा संस्था, अजमेर द्वारा संचालित श्री अमरापुर सेवा घर वृद्धाश्रम के आवासियों के लिए कार्तिक माह के पावन अवसर पर पुष्करराज की बस द्वारा धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा भामाशाह दिलीप गोपलानी (दुबई) के सौजन्य से निःशुल्क आयोजित की गई।
संस्था के अध्यक्ष कंवल प्रकाश किशनानी ने जानकारी देते हुए बताया कि धार्मिक यात्रा का शुभारंभ श्री अमरापुर सेवा घर वृद्धाश्रम से हुआ। यात्रा के दौरान सभी बुजुर्गों ने पुष्करराज पहुंचकर पवित्र पुष्कर सरोवर में स्नान किया तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात ब्रह्मा जी के मंदिर, श्री रंगजी मंदिर सहित पुष्कर के विभिन्न प्रमुख मंदिरों के दर्शन किए और सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
संस्था के ट्रस्टी चंदर नोतानी ने बताया कि आश्रम के पूज्य बुजुर्गों एवं सेवाभावी स्टाफ के साथ पुष्करराज की यह यात्रा अत्यंत सुखद, आनंदमयी एवं यादगार रही। उन्होंने भामाशाह दिलीप गोपलानी का इस पुनीत सेवा कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुकेश चोयल सहित आश्रम के कर्मचारी उपस्थित रहे।
यात्रा के दौरान सभी आवासियों को पुष्कर के प्रसिद्ध मालपुए सहित स्वादिष्ट भोजन एवं प्रसादी ग्रहण करवाई गई। इस धार्मिक यात्रा से बुजुर्गों में विशेष उत्साह एवं आनंद का वातावरण रहा।

हरी चन्दनानी
मो. 9649750811

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!