दो साल से अपना नाम जुड़वाने के लिए भटक रहा रेलवे से सेवानिवृत्त नागरिक
डॉ. राजकुमार जयपाल व शैलेश गुप्ता ने की मतदाता सूची की व्यापक जांच की मांग, भाजपा पर लोकतांत्रिक अधिकारों से खिलवाड़ का आरोप
अजमेर, 12 नवंबर। देशभर में मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे पर चल रही बहस के बीच अजमेर में एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने निर्वाचन व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल तथा कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने इस मामले को लोकतंत्र और आम नागरिक के मताधिकार से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
डॉ. राजकुमार जयपाल और शैलेश गुप्ता ने बताया कि अजमेर निवासी एवं रेलवे से सेवानिवृत्त श्री गोविंद प्रसाद के अनुसार वर्ष 2024 में उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया था। इसके बाद से वे लगातार संबंधित बीएलओ और निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क करते रहे तथा अपना नाम पुनः मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए प्रयास करते रहे। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की बात कहने के बावजूद उनका नाम पुनः दर्ज नहीं किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह बेहद गंभीर और चिंताजनक है कि रेलवे से सेवानिवृत्त एक नागरिक, जो नियमित रूप से पेंशन प्राप्त कर रहा है, मतदाता सूची में नाम नहीं होने के कारण विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सका। आखिर एक पात्र नागरिक को अपना वोट बचाने और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए दो वर्षों तक क्यों भटकना पड़ रहा है?
जहां होना चाहिए था नाम, वहां दूसरे व्यक्ति की एंट्री मिलने का दावा
वर्ष 2026 की नगर निकाय मतदाता सूची की जांच के दौरान यह बात भी सामने आने का दावा किया गया कि जिस स्थान पर गोविंद प्रसाद का नाम दर्ज होना चाहिए था, वहां किसी अन्य महिला का नाम दर्ज पाया गया है। डॉ. जयपाल और शैलेश गुप्ता ने कहा कि एक व्यक्ति का नाम हटने और उसके स्थान पर दूसरे व्यक्ति का नाम दर्ज होने की प्रक्रिया क्या रही, इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना बेहद जरूरी है।
राहुल गांधी लगातार उठा रहे हैं वोट चोरी का मुद्दा
डॉ. राजकुमार जयपाल एवं शैलेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी का मुद्दा देश के सामने उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को आयोजित “वोट बचाओ, देश बचाओ” जनआंदोलन में बड़ी संख्या में लोगों ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की आवाज बुलंद की थी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देशभर में मतदाता सूचियों को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए और निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अजमेर का यह मामला केवल एक व्यक्ति की शिकायत नहीं है। कांग्रेस को आशंका है कि यदि मतदाता सूची की व्यापक जांच की जाए तो अन्य पात्र मतदाताओं के नामों से संबंधित भी गड़बड़ियां सामने आ सकती हैं।
अजमेर की मतदाता सूची की व्यापक जांच हो
डॉ. राजकुमार जयपाल और शैलेश गुप्ता ने मांग की कि वर्ष 2024 और 2026 की मतदाता सूचियों एवं संबंधित रिकॉर्ड का मिलान कराया जाए और यह पता लगाया जाए कि कितने पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए तथा किन परिस्थितियों में नामों में परिवर्तन हुआ।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या जानबूझकर किसी पात्र नागरिक को मताधिकार से वंचित करने की बात सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
1. श्री गोविंद प्रसाद का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2. वर्ष 2024 और वर्ष 2026 की मतदाता सूचियों एवं संबंधित रिकॉर्ड का मिलान किया जाए।
3. संबंधित स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज होने के आधार और दस्तावेजों की जांच की जाए।
4. पात्र पाए जाने पर गोविंद प्रसाद का नाम तत्काल नियमानुसार मतदाता सूची में जोड़ा जाए।
5. अजमेर शहर की मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन कराया जाए।
6. किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि लोकतंत्र में वोट केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आवाज है। किसी भी पात्र नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
शैलेश गुप्ता ने कहा, “वोट किसी राजनीतिक दल या सरकार की मेहरबानी नहीं है। यह देश के प्रत्येक पात्र नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। अगर एक आम नागरिक को अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए दो-दो साल तक भटकना पड़े, तो यह पूरी व्यवस्था और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।”
“वोट हमारा अधिकार है, किसी की मेहरबानी नहीं — लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी