*पं. बाबूराव विष्णू पराड़कर जी के आदर्शों पर चलने की ज़रूरत पर बल*
मुंबई, 16 नवम्बर। हिंदी पत्रकारिता के भीष्म पितामह कहलाने वाले पंडित बाबूराव विष्णू पराड़कर की जयंती के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी द्वारा एक दिवसीय पत्रकारिता परिसंवाद का सफल आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न वक्ताओं द्वारा पंडित पराड़कर जी के आदर्शों और शिक्षाओं पर अमल करने की ज़रूरत पर बल दिया गया।
यह यादगार परिसंवाद विले पार्ले, मुंबई स्थित मिठी बाई कॉलेज के जुहू जागृति सभागार में रविवार, 15 नवम्बर, 2026 की शाम आयोजित किया गया। दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम और महाराष्ट्र राज्य गीत की प्रस्तुतियों के साथ शुरू हुए इस परिसंवाद में विशिष्ट अतिथि के रूप में फिल्म सिटी के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ राजनेता अमरजीत मिश्र ने कहा कि पंडित बाबूराव विष्णू पराड़कर जी के दूरदर्शी विचार आज भी प्रासंगिक हैं और देश के वर्तमान पत्रकारों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिये। स्वदेश समाचार पत्र समूह के समूह सम्पादक डॉ. अतुल तारे ने “आज के सूचना तंत्र में पत्रकारिता में विश्वास, एक चुनौती भी /एक अवसर भी” विषय पर रोचक और प्रभावी व्याख्यान दिया। जय महाराष्ट्र मराठी न्यूज़ चैनल के सम्पादक प्रसाद काथे ने “सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता” विषय पर अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किये। पुणे से आईं वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व पत्रकार श्रीमती समीक्षा तैलंग ने “हिंदी पत्रकारिता के आदर्श एवं पराडकर जी की पत्रकारिता दृष्टि” पर अपना समीक्षात्मक व्याख्यान प्रस्तुत किया। परिसंवाद का सुरुचिपूर्ण सूत्र संचालन सुपरिचित गीतकार तथा मीडिया एवं जनसम्पर्क सलाहकार गजानन महतपुरकर ने किया। प्रारम्भ में महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी के सह निदेशक एवं सदस्य सचिव सचिन निम्बालकर ने सभी गणमान्य अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह एवं पुस्तकें भेंट कर स्वागत सत्कार किया। उन्होंने परिसंवाद की प्रस्तावना रखते हुए महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी की विभिन्न प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी। अंत में अकादमी के प्रतिनिधि अंकित गुप्ता ने सभी का आभार प्रकट किया। राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न हुए इस परिसंवाद में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, पत्रकार और साहित्य प्रेमियों की सहभागिता रही।