गिरनार फाउंडेशन ने एनुअल ‘बॉक्स ऑफ जॉय’ अभियान के माध्यम से त्योहारों की खुशियाँ बाँटी

जयपुर और गुरुग्राम में 600 फेस्टिव बॉक्स वितरित किए

जयपुर, नवम्बर 2026 : कारदेखो ग्रुप की सीएसआर इकाई गिरनार फाउंडेशन ने अपनी एनुअल पहल ‘बॉक्स ऑफ जॉय’ के तहत गुरुग्राम और जयपुर में बच्चों एवं जरूरतमंद समुदायों के बीच दिवाली की खुशियाँ बाँटीं और उनके त्योहार को और भी खास बनाया। इस वर्ष फाउंडेशन द्वारा 600 फेस्टिव बॉक्स वितरित किए गए, जिनके माध्यम से बच्चों और परिवारों तक दिवाली की खुशियाँ पहुँचाई गईं। इस पहल ने समावेशी सामुदायिक विकास के प्रति फाउंडेशन की प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ किया।

इस पहल के तहत फाउंडेशन ने ड्रीम गर्ल फाउंडेशन, पाठशाला एनजीओ और प्रगति विद्यालय के बच्चों के साथ-साथ उत्कर्ष फाउंडेशन में विशेष जरूरतों वाले बच्चों के बीच ‘बॉक्स ऑफ जॉय’ फेस्टिव बॉक्स वितरित किए। इसके अलावा, झुग्गी बस्तियों में रहने वाले दुलार फाउंडेशन से जुड़े परिवारों और बच्चों के साथ भी दिवाली की खुशियाँ साझा की गईं। प्रत्येक फेस्टिव बॉक्स में मिठाइयाँ, नमकीन, मोमबत्तियाँ और दिवाली के अन्य जरूरी सामान के साथ-साथ परिवारों की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता के लिए राशन के पैकेट भी शामिल थे। इस एनुअल पहल के माध्यम से फाउंडेशन बच्चों और परिवारों के जीवन में खुशियों के कुछ पल जोड़ने और उनकी दिवाली को थोड़ा और खास बनाने का प्रयास करता है।

दिवाली की खुशियों को आगे बढ़ाते हुए, गिरनार फाउंडेशन ने जयपुर स्थित कारदेखो कार्यालय में दिवाली मेले का भी आयोजन किया। इसमें चाहत वेलफेयर फाउंडेशन सहित विभिन्न एनजीओ और महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों एवं हुनर को प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित किया गया। इस पहल के जरिए इन संस्थाओं और उद्यमियों को अपने उत्पादों एवं कार्यों को प्रदर्शित करने और व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुँच बनाने का अवसर मिला। मेले में हस्तनिर्मित वस्तुओं, कपड़ों और आभूषणों सहित कई तरह के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिन्हें कर्मचारियों ने देखा और खरीदारी भी की। इस पहल के जरिए स्थानीय स्तर पर काम करने वाले संगठनों को प्रोत्साहन मिला और महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिला। साथ ही, इस आयोजन ने दिवाली के उत्सव में समावेशिता और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया।

इस पहल पर बात करते हुए, गिरनार फाउंडेशन की प्रमुख, पीहू जैन ने कहा, “दिवाली रोशनी, खुशियों और आपसी मेल-जोल का त्योहार है। गिरनार फाउंडेशन में हमारा मानना है कि उत्सव की सच्ची भावना दूसरों के साथ खुशियों के इन पलों को साझा करने में ही निहित है। हमारी एनुअल ‘बॉक्स ऑफ जॉय’ पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वंचित समुदायों के बच्चे और परिवार भी पूरे उत्साह, खुशियों और गरिमा के साथ दिवाली का त्योहार मना सकें। बच्चों के चेहरों पर खिलती मुस्कान और यह एहसास कि हमारी छोटी-सी कोशिश उनके त्योहार की खुशियों को और बढ़ा सकती है, हमारे लिए बेहद सुखद और संतोषजनक है। हम जमीनी स्तर पर काम करने वाले संगठनों और महिला उद्यमियों को भी ऐसे अवसर प्रदान करने में विश्वास रखते हैं, जहाँ वे अपने कार्यों को प्रदर्शित कर सकें और उनके प्रयासों को पहचान मिल सके। हमें उम्मीद है कि हम आगे भी इन प्रयासों को जारी रखते हुए, अपने साथ जुड़े समुदायों के जीवन में सार्थक बदलाव ला सकेंगे।”

यह पहल संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के प्रति गिरनार फाउंडेशन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इनमें लक्ष्य 3 (अच्छा स्वास्थ्य एवं खुशहाली), लक्ष्य 5 (लैंगिक समानता) और लक्ष्य 11 (सतत शहर एवं समुदाय) शामिल हैं। वंचित समुदायों तक त्योहारों की खुशियाँ पहुँचाने के साथ-साथ महिला उद्यमियों और जमीनी स्तर पर कार्यरत संगठनों को अपने कार्यों को प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान कर, फाउंडेशन समावेशी उत्सवों, समान अवसरों और सशक्त समुदायों के निर्माण की दिशा में लगातार प्रयासरत है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!