पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय जूडो प्रतियोगिता में एमडीएस विश्वविद्यालय की शांति कुरी ने जीता कांस्य पदक

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने दी बधाई, विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल

अजमेर, 22 नवम्बर 2026। महार्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर की महिला जूडो खिलाड़ी सुश्री शांति कुरी ने पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक 🥉 अर्जित कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है।

स्वर्णिम गुजरात स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय, देसार, वड़ोदरा में आयोजित पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय जूडो महिला प्रतियोगिता में दिनांक 22 नवम्बर 2026 को +78 किलोग्राम भार वर्ग में सुश्री शांति कुरी ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास एवं संघर्षशीलता का परिचय देते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में महार्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर की ओर से विभिन्न भार वर्गों में कुल सात महिला खिलाड़ियों ने सहभागिता की। इनमें शांति कुरी की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के खेल जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ी को बधाई दी तथा कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस उपलब्धि में अधिष्ठाता, छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चन्द्र एवं खेल मंडल सचिव श्री तपेश्वर कुमार का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं योगदान रहा। यह प्रतियोगिता खेल मंडल के अध्यक्ष प्रो. अनिल दाधीच के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय की खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन देने के प्रयासों का परिणाम है।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम के मैनेजर के रूप में श्री विकास मण्डावरिया, वरिष्ठ सहायक ने सहभागिता की।

विश्वविद्यालय परिवार ने सुश्री शांति कुरी को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!