अमेरिका से आए हृदय एवं मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश डीडवानिया ने दीं सेवाएँ, मरीजों को निःशुल्क जाँच, परामर्श और दवाइयाँ मिलीं
अजमेर, 22 नवंबर 2026। बी.के. कौल नगर स्थित मणिपुंज सेवा संस्थान में रविवार को आयोजित निःशुल्क जाँच एवं चिकित्सा शिविर में 750 मरीज लाभान्वित हुए। अमेरिका से आए हृदय रोग एवं मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश डीडवानिया ने शिविर में मरीजों की जाँच की और उन्हें चिकित्सा परामर्श दिया। विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों ने सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक सेवाएँ दीं। शिविर का आयोजन भारत विकास परिषद की महाराणा प्रताप शाखा, मणिपुंज सेवा संस्थान और वार्ड नंबर 1 के पार्षद विनोद डीडवानिया के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
भारत विकास परिषद की महाराणा प्रताप शाखा के सचिव दीपक चोपड़ा ने बताया कि जयपुर से आए एच. आर. कुड़ी और अजमेर की प्रथम महिला महापौर अनामिका शर्मा ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इसके बाद विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जाँच की और उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार परामर्श दिया।
हृदय रोग से लेकर नेत्र और अस्थि रोग तक मिला परामर्श
वार्ड नंबर 1 के पार्षद विनोद डीडवानिया ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, मधुमेह, नेत्र रोग, नाक-कान-गला संबंधी समस्याओं, दंत रोग, कमर व घुटनों के दर्द, बवासीर और स्त्री रोग के लिए विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध रहा। डॉ. अनुराधा झा ने स्त्री रोग संबंधी परामर्श दिया। डॉ. सोनू चौधरी और डॉ. आशीष चौधरी ने नेत्र रोगों के लिए तथा डॉ. राजकुमार भाटी ने नाक, कान और गले की समस्याओं के लिए सेवाएँ दीं।
शिविर में फिजिशियन डॉ. एम. डी. रायपुरिया, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश वर्मा और डॉ. सुनील चौधरी, डॉ. मनीष तथा डाइटिशियन डॉ. नैना शर्मा ने भी सेवाएँ दीं। शंकर आयुर्वेदिक और सक्सेना डायबिटीज सेंटर की टीमों ने भी शिविर में सहयोग किया।
बीपी, शुगर, थायराइड और कोलेस्ट्रॉल की निःशुल्क जाँच
मणिपुंज सेवा संस्थान के अध्यक्ष शिखर चंद सिंगी ने बताया कि मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयाँ भी दी गईं। शिविर में रक्तचाप, ब्लड शुगर, थायराइड और कोलेस्ट्रॉल की जाँच निःशुल्क की गई। पिछले लगभग तीन महीनों के औसत रक्त शर्करा स्तर का आकलन करने वाली HbA1c जाँच की सुविधा भी उपलब्ध रही।
मरणोपरांत नेत्रदान के प्रति किया जागरूक
शिविर में हार्टफुलनेस प्रशिक्षक ने उपस्थित लोगों का मार्गदर्शन किया। डॉ. भरत कुमार शर्मा ने मरणोपरांत नेत्रदान के महत्व की जानकारी दी और लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया।
शिविर की व्यवस्थाओं में अंकुर तिलक गहलोत, संदीप दवाई, लोकेश, चित्रेश लोढ़ा, नीरज कोठारी, विष्णु अवतार गोयल, पंकज सोमानी, अजय निगम, करण छाजेड़, मुकेश मुंद्रारा, अंकित खाबिया, मुरारी तोषनीवाल, मीना शर्मा, महेश सोमानी, के. के. अग्रवाल, नीता अग्रवाल, विक्रम बाबेल, प्रतिभा कोठारी, राजू मेहता, सुरेश राठी, विभूर गर्ग, वी. पी. भट्ट, तरुण जैन और मुकेश अग्रवाल सहित अन्य सेवाभावियों ने सहयोग किया।