अजमेर, 23 नवम्बर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद अजमेर के जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख के निर्वाचन के लिए बैठकों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रमुख के निर्वाचन के लिए बैठक बुधवार, 25 नवम्बर को तथा उप जिला प्रमुख के निर्वाचन के लिए बैठक गुरुवार, 26 नवम्बर को आयोजित होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि दोनों निर्वाचन प्रक्रियाओं के लिए बैठक का आयोजन जिला परिषद अजमेर के सभागार में किया जाएगा। जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख के निर्वाचन के लिए बैठक प्रातः 10 बजे प्रारम्भ होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके पश्चात प्रातः 11.30 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। अभ्यर्थी दोपहर एक बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिह्वों का आवंटन किया जाएगा। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे के मध्य मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत पश्चात मतगणना कर निर्वाचन परिणाम की घोषणा की जाएगी।