भारत को 2027 के लिए ‘डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर’ का सम्मान मिलना विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने का ऐतिहासिक अवसर

नई दिल्ली, नवंबर 2026: होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एचएआई) ने भारत को वर्ष 2027 के लिए ‘डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर’ चुने जाने का स्वागत किया है। एसोसिएशन ने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे दुनियाभर के पर्यटकों का ध्यान भारत की ओर आकर्षित होगा और वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में देश की स्थिति और मजबूत होगी। यह सम्मान माननीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पर्यटन के सतत विकास और इसे विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में एक महत्वपूर्ण माध्यम बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी मान्यता देता है।

यह उपलब्धि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और राज्य पर्यटन बोर्डों द्वारा भारत को विश्व के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित करने के लिए किए गए प्रयासों की पुष्टि करती है। इससे भारत की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति, विरासत, आध्यात्मिक पर्यटन, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा पर्यटन तथा स्थानीय समुदायों से जुड़े पर्यटन अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिलेगी।

इस उपलब्धि की सराहना करते हुए होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एचएआई) के अध्यक्ष एवं रेडिसन होटल ग्रुप के चेयरमैन – साउथ एशिया, श्री के. बी. काचरू ने कहा, “यह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे दुनियाभर के पर्यटकों का ध्यान देश की ओर आकर्षित होने की उम्मीद है। हम पर्यटन मंत्रालय और पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी सहयोगियों को बधाई देते हैं, जिन्होंने भारत की समृद्ध संस्कृति और विरासत को वैश्विक मंच पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सभी हितधारकों को मिलकर काम करना होगा, ताकि भारत पर्यटन के क्षेत्र में अपनी संभावनाओं को साकार कर सके और देश के विविध पर्यटन स्थलों तथा कम प्रसिद्ध खूबसूरत स्थानों की खोज करने वाले प्रत्येक घरेलू और विदेशी पर्यटक को एक यादगार एवं समृद्ध अनुभव मिल सके। आने वाले वर्षों और दशकों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि कैसी बनती है, इसका दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। यह अवसर भारत में विदेशी पर्यटकों के आगमन को नई दिशा दे सकता है।”

एचएआई का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती रुचि को पर्यटन क्षेत्र की दीर्घकालिक प्रगति में बदलने के लिए सरकारी और निजी क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। इसके लिए पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाना, देश के विभिन्न पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार करना और वैश्विक स्तर पर भारत की एक मजबूत एवं सकारात्मक छवि स्थापित करना जरूरी है।

एसोसिएशन ने भारत को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के लिए माननीय केंद्रीय पर्यटन मंत्री, पर्यटन सचिव, अतिरिक्त सचिव, पर्यटन मंत्रालय की पूरी टीम और पर्यटन उद्योग के सभी प्रमुख प्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों की सराहना की।

वर्ष 2027 में भारत विश्व यात्रा एवं पर्यटन परिषद (डब्ल्यूटीटीसी) के वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी करेगा। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन से भारत को अपनी पर्यटन संभावनाओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करने का एक और महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

एचएआई ने केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, राज्य सरकारों और पूरे पर्यटन उद्योग से साझा उद्देश्य के साथ मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह एक ऐसा अवसर है, जिसे भारत को किसी भी कीमत पर गंवाना नहीं चाहिए।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!