
संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन COP31 अंताल्या (तुर्की) में 9 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित होना था, लेकिन बिना किसी ठोस सहमति के यह 22 नवंबर तक खिंच गया। इतिहास का सबसे लंबा COP बनने के बावजूद यह एक असफल अंतरराष्ट्रीय जमावड़ा ही साबित हुआ। न तो कोई निर्णायक राजनीतिक समझौता हो सका और न ही देशों के बीच सर्वसम्मति बन पाई। अमेरिका और इजरायल जैसे देशों ने आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ही नहीं भेजा, जबकि म्यांमार भी अनुपस्थित रहा। लीडर्स समिट (11-12 नवंबर) में अमेरिका के ट्रम्प, चीन के शी जिनपिंग, रूस के पुतिन, फ्रांस के इमैनुएल मैक्रॉन, जर्मनी के फ्रेडरिक मर्ज, कनाडा के मार्क कार्नी और भारत के नरेंद्र मोदी जैसे प्रमुख नेता मौजूद नहीं थे।
लगभग 93,000 से अधिक पंजीकृत प्रतिभागियों (सरकारी प्रतिनिधि, एनजीओ, मीडिया और अन्य) के बावजूद परिणाम शून्य रहा। जितने ज्यादा लोग जुटे, उतना ही ध्यान भटका। जलवायु संकट की गंभीरता के बावजूद हर देश अपनी-अपनी ढपली, अपना-अपना राग अलापता रहा। कोई भी इस मुद्दे को सुलझाने की सच्ची तत्परता नहीं दिखा सका।
COP31 की असफलता के प्रमुख कारण रहे:
– अंतिम ड्राफ्ट में फॉसिल फ्यूल्स (कोयला, तेल और गैस) तथा उनसे दूर जाने (transition away from fossil fuels) का स्पष्ट उल्लेख नहीं था। तेल उत्पादक देशों ने कठोर भाषा का विरोध किया, जबकि यूरोपीय संघ, छोटे द्वीप राष्ट्रों और कई जलवायु-संवेदनशील देशों ने कमजोर भाषा वाले ड्राफ्ट को अस्वीकार कर दिया।
– जलवायु वित्त पर कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका। विकासशील और जलवायु-संवेदनशील देशों के लिए स्पष्ट धनराशि तय नहीं हुई। 120 अरब डॉलर का adaptation finance लक्ष्य हटा दिया गया और विकसित देशों पर पर्याप्त दबाव नहीं डाला जा सका।
– कार्बन कैप्चर और स्टोरेज को फॉसिल फ्यूल्स जारी रखने का बहाना बनाने की कोशिश भी विवाद का कारण बनी। साथ ही 1.5°C लक्ष्य के ओवरशूट की वास्तविकता को स्वीकार करने और उसके अनुरूप कार्रवाई तय करने में भी सहमति नहीं बन सकी।
भारत ने सम्मेलन में सक्रिय रूप से भाग लिया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया। वे लगभग 15-16 नवंबर को पहुँचे और अंत तक मौजूद रहे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भारतीय प्रतिनिधिमंडल में लगभग 152 पंजीकृत प्रतिभागी थे, जो कई अन्य देशों की तुलना में अपेक्षाकृत छोटा रहा। भारत ने इक्विटी, जलवायु वित्त और विकासशील देशों के हितों को लगातार उठाया।
अमेरिका का आधिकारिक रूप से अनुपस्थित रहना निराशाजनक रहा, खासकर जब जलवायु संकट लगातार गहरा रहा हो। ट्रम्प प्रशासन ने पेरिस समझौते से खुद को अलग कर लिया है और जलवायु वार्ताओं से दूरी बना ली है। ऐतिहासिक रूप से सबसे बड़े उत्सर्जकों में से एक और वर्तमान में चीन के बाद दूसरा सबसे बड़ा उत्सर्जक देश का इस प्रक्रिया से बाहर रहना वैश्विक सहयोग को कमजोर करता है।
दुःख है कि आज हम इस विषय को उतनी गंभीरता से नहीं ले रहे जितनी जरूरत है। आने वाली पीढ़ियों को इसके दुष्परिणाम भुगतने पड़ेंगे, और वे हमें आसानी से माफ नहीं करेंगी।
केशव राम सिंघल