झंकार-2026 का भव्य समापन: कविता के भावों और ज्ञान की कसौटी पर छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय, ब्यावर में आयोजित सामाजिक एवं सांस्कृतिक सप्ताह ‘झंकार-2026’ का विभिन्न साहित्यिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं के साथ भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर स्वरचित काव्य पाठ एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी साहित्यिक प्रतिभा, रचनात्मकता, सामान्य ज्ञान एवं त्वरित निर्णय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

स्वरचित काव्य पाठ में शब्दों से सजी भावनाओं की अभिव्यक्ति
स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी मौलिक रचनाओं के माध्यम से विचारों, भावनाओं एवं कल्पनाओं को सुंदर शब्दों में पिरोया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सिमरन वर्मा ,द्वितीय स्थान मुमल कंवर तथा तृतीय स्थान शीतल सोनी ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका ज्योति माहेश्वरी एवं सुनीता चौधरी ने निभाई।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ज्ञान और तर्कशक्ति का हुआ मुकाबला
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्राओं ने सामान्य ज्ञान, विषयगत जानकारी एवं त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बीएससी सेमेस्टर 5, द्वितीय स्थान बीएससी सेमेस्टर 3 की टीम तथा तृतीय स्थान बीसीए सेमेस्टर 5 की टीम ने प्राप्त किया।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर. सी. लोढ़ा ने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ साहित्यिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है।

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य छात्राओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम बनाना है। सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां छात्राओं में प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य के साथ हुआ झंकार-2026 का समापन

‘झंकार-2026’ के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने छात्राओं को अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने एवं रचनात्मक क्षमताओं को नए आयाम देने का अवसर प्रदान किया। पूरे सप्ताह महाविद्यालय में उत्साह, उमंग एवं रचनात्मकता का माहौल बना रहा। इस आयोजन ने छात्राओं के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!