उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल द्वारा दिनांक 28 नवंबर 2026 को आपातकालीन स्थितियों से निपटने और बचाव एवं राहत कार्यों की त्वरित कार्यप्रणाली को परखने के लिए एक सफल मॉक ड्रिल (अभ्यास) का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव के अनुसार मॉक ड्रिल के अंतर्गत सुबह 11:08 बजे स्टेशन मास्टर, पुष्कर द्वारा नियंत्रण कक्ष को सूचना दी गई कि गाड़ी संख्या 59603 (अजमेर–पुष्कर पैसेंजर), जो सुबह 10:50 बजे पुष्कर स्टेशन के लाइन नंबर 01 पर पहुंची थी, की शंटिंग के दौरान इंजन और एक कोच यार्ड में बेपटरी (पटरी से उतर) हो गए हैं तथा इस घटना में एक पॉइंट्समैन घायल हो गया है। सूचना मिलते ही सुबह 11:09 बजे नियंत्रण कक्ष में सायरन (हूटर) बजाया गया तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती मोनिका यादव सहित सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया। सुबह 11:10 बजे अजमेर स्टेशन से स्वचालित दुर्घटना राहत चिकित्सा यान को रवाना करने के आदेश जारी किए गए। सूचना के मात्र कुछ ही मिनटों के भीतर (सुबह 11:10 से 11:30 बजे के मध्य) अपर मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी एवं यांत्रिक, विद्युत, इंजीनियरिंग व सिग्नल विभागों के सभी वरिष्ठ अधिकारी नियंत्रण कक्ष एवं अजमेर स्टेशन पर पहुंच गए और राहत कार्यों की कमान संभाली।
दुर्घटना राहत यान सुबह 11:30 बजे साइडिंग से निकलकर मात्र 4 मिनट में 11:34 बजे अजमेर स्टेशन के लाइन नंबर 03 पर प्रस्थान के लिए पूरी तरह तैयार हो गया। इस दौरान राहत एवं बचाव दल द्वारा हाइड्रोलिक कटर, स्प्रेडर और आपातकालीन प्रकाश व्यवस्था जैसे आधुनिक उपकरणों के संचालन का भी सजीव अभ्यास किया गया। सभी संबंधित विभागों के त्वरित समन्वय और राहत दल की मुस्तैदी को परखने के पश्चात, सुबह 11:36 बजे सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी द्वारा इसे ‘मॉक ड्रिल’ घोषित किया गया।
इस प्रकार मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री बी एल मीणा के निर्देशन में एक सफल मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी वास्तविक रेल दुर्घटना या आपात स्थिति के दौरान विभिन्न विभागों के बीच तालमेल, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और कम से कम समय में राहत व बचाव कार्य शुरू करने की क्षमता का मूल्यांकन करना था।
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक*