अपने दुश्मन से लेकर रहेंगे कश्मीर: हाफिज सईद

पाकिस्तान में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा के संस्थापक और भारत की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शुमार आतंकी हाफिज सईद ने एक बार फिर से भारत के लिए अपना जहर उगला है। उसने कश्मीर में अपनी आतंकी मुहिम को चालू रखते हुए भारत को अपना दुश्मन बताया है। उसने लिखा है कि वह हर हाल में अपने दुश्मन से कश्मीर को लेकर ही रहेंगे।

हाफिज सईद ने अपनी बातों को कहने के लिए एक बार फिर से ट्विटर का सहारा लिया है। इससे पहले उसने तब ट्वीट किया था जब गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने हिंदू आतंकवाद का जिक्र करते हुए भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा था। इसके बाद अब एक बार फिर से सईद ने ट्वीट कर न सिर्फ भारत के खिलाफ अपना जहर उगला है बल्कि अपने नापाक मंसूबों को भी जाहिर कर दिया है।

सईद ने ट्वीट कर लिखा है कि भारत आज तक कश्मीर का शोषण करता रहा है। वहीं पाकिस्तान हमेशा से कश्मीरियों के साथ एकजुट होकर खड़ा रहा है। उसने भारत पर आरोप जड़ा है कि वह फौज के जरिए कश्मीर के लोगों पर जुर्म कर रहा है।

सईद ने धमकी दी है कि वह कश्मीर को भारत से हासिल करने तक चुप नहीं बैठा जाएगा। यही नहीं उसने भारत में हिंदू आतंकवादी संगठनों पर बैन लगाने के लिए यूएन से मांग करने की बात भी कही है। अपने ट्वीट में उसने लिखा है कि कश्मीर पाकिस्तान के लिए बेहद अहम है और हम इसे हर कीमत पर अपने दुश्मन से हासिल करके ही रहेंगे। हम इसके लिए हमेशा संघर्ष करते रहेंगे।

सईद ने कश्मीर को दुनिया के सबसे बड़े विवादों में शुमार करते हुए कहा है कि इसका तुरंत समाधान होना चाहिए। सईद का साफतौर पर यही कहना है कि कश्मीर को पाकिस्तान के हवाले होने तक वह खामोशी से नहीं बैठेगा। उसके मुताबिक जिस तरह से अमेरिका और नाटो को अफगानिस्तान छोड़ना पड़ रहा है, वैसे ही भारत को भी शर्मसार होकर कश्मीर छोड़ना पड़ेगा। उसने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर की विधानसभा में एक प्रस्ताव रखा जाएगा। इसमें यूएन से भारत के हिंदू आतंकवादी समूहों को बैन करने की मांग की जाएगी। इससे पहले भी सईद कश्मीर के लिए जंग को एक मात्र विकल्प बता चुका है।

error: Content is protected !!