सरकार ने वापस लिया केस, आठ को रिलीज होगी विश्वरूपम

तमिलनाडु सरकार ने कमल हासन की विवादास्पद फिल्म विश्वरूपम से प्रतिबंध हटाने के बाद सोमवार को कोर्ट से मामला वापस भी वापस ले लिया। राज्य सरकार ने यहां पर हाईकोर्ट की सिंगल बेंच के फैसले को चुनौती दी थी। इस फैसले में कोर्ट ने फिल्म के प्रदर्शन को छूट दी थी। अब यह फिल्म आठ फरवरी को यहां के सिनेमाघरों में रिलीज हो जाएगी।

कोर्ट में मामले की सुनवाई से पहले न्यायधीश एस राजेश्वरन ने सरकार को मामला वापस लेने की इजाजत दे दी थी। सरकार और कमल हासन ने कोर्ट में यह मामला बाहर सुलझाने का वादा किया था। इसके बाद कमल हासन ने अपनी फिल्म से विवादित सीन हटाने का भरोसा दिया था जिसके बाद राज्य सरकार ने उनकी फिल्म विश्वरूपम से प्रतिबंध उठा लिया था। इसके साथ ही राज्य में इस फिल्म के प्रदर्शन का रास्ता भी साफ हो गया है।

गौरतलब है कि इस फिल्म पर राज्य सरकार ने यह कहते हुए प्रतिबंध लगा दिया था कि इसके चलते राज्य में हिंसा फैलने का खतरा है। वहीं मुस्लिम समुदाय का कहना था कि इस फिल्म में उनके संप्रदाय को गलत तरीके से दिखाया गया था। सौ करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म पर 23 जनवरी को प्रतिबंध लगाया गया था। लेकिन अब विवादित दृश्य हटने के बाद यह फिल्म आठ फरवरी से यहां पर थियेटरों में रिलीज हो जाएगी।

कमल हासन ने कहा है कि वह अपने तकनीकी सहयोगियों से फिल्म के विवादित दृश्य हटाने के लिए बात करेंगे और इसकी जानकारी सेंसर बोर्ड को भी देंगे इसके बाद ही यह फिल्म रिलीज होगी।

error: Content is protected !!