राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली लोकसभा चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं। सूत्रों के हवाले से खबर है कि जेटली जयपुर से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। जेटली भी जयपुर को अपने लिए सुरक्षित सीट मान रहे हैं। ब्राम्हण बाहुल्य होने के कारण गिरधारी लाल भार्गव इस सीट से छह बार लोकसभा चुनाव जीत चुके थे। 2009 में कांग्रेस के महेश जोशी ने इस सीट से चुनाव जीता था। वह भी ब्राम्हण हैं।
जेटली की पहचान मशहूर वकील के साथ-साथ शानदार रणनीतिकार और वक्ता के रूप में हैं। वह राज्यसभा के लिए तीन बार चुने गए हैं लेकिन लोकसभा का चुनाव उन्होंने एक बार भी नहीं लड़ा है। 1974 में उन्होंने पहली बार दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्रसंघ का चुनाव लड़ा था। उन्होंने जीत भी दर्ज की थी और छात्रसंघ अध्यक्ष बने थे। 1975 में आपातकाल के दौरान वह 19 महीने तक तिहाड़ जेल में रहे।
जेटली के फ्यूचर प्लान को लेकर काफी समय से अटकलें लग रही थी। 2014 के चुनाव में कांग्रेस को कड़ी चुनौती देने के लिए भाजपा ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने का मन बनाया है। इसके बाद जेटली के लिए सीट तलाशने का काम शुरू हुआ। पहले जम्मू, अमृतसर और दिल्ली की एक सीट से जेटली को चुनाव लड़ाने की अटकलें लगाई गई।