पोंटी चढ्डा और उनके भाई हरदीप चढ्डा की हत्या के मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी चढ्डा के सिक्योरिटी मैनेजर नरेंद्र अहलावत को गुड़गांव से गिरफ्तार कर शुक्रवार दोपहर साकेत कोर्ट में पेश किया। क्राइम ब्रांच की टीम ने नरेंद्र को अदालत के समक्ष पेश करते हुए कहा कि इस घटना में नरेंद्र को भी एक गोली लगी थी और वह गुड़गांव के एक अस्पताल में भर्ती हो गया था। उधर, आज दिल्ली पुलिस इस मामले में साकेत कोर्ट में चार्जशीट दायर कर सकती है।
पुलिस ने न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने पर मामले में आरोपी उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष एसएस नामधारी व नौ अन्य आरोपियों को भी अदालत में पेश किया। एसीएमएम मुकेश कुमार की अदालत ने सभी आरोपियों को 17 फरवरी तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट ने समय पर चार्जशीट रिपोर्ट दाखिल न करने पर पुलिस को कड़ी फटकार भी लगाई। पुलिस ने अदालत को बताया कि वह शनिवार को चार्जशीट रिपोर्ट दाखिल करेगी।
गौरतलब है कि बीते साल 17 नवंबर को दक्षिणी दिल्ली स्थित छतरपुर फार्महाउस में गोली कांड में पोंटी चढ्डा व उसके भाई हरदीप की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस उत्तराखंड के अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव सिंह नामधारी सहित करीब एक दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि आठ आरोपी अब भी फरार हैं।
