पंचायत के फरमान पर नाबालिगों की शादी

vivahमधेपुरा। बिहार के मधेपुरा जिले में शुक्रवार रात एक पंचायत के फरमान पर नाबालिगों की शादी हुई। लड़की की उम्र लगभग 13 व लड़के की 15 साल बताई गई है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस विवाह में पुलिस भी मौजूद थी। यह शादी मुरलीगंज प्रखंड की पड़वा नवटोल पंचायत के संतनगर में हुई। किशोर की मुरलीगंज धर्मशाला रोड पर एक मोबाइल फोन की दुकान है। किशोरी अक्सर अपनी मां के साथ मोबाइल फोन रिचार्ज कराने जाती थी। इसी दौरान दोनों नजदीक आ गए। शुक्रवार को दोनों को विद्यालय में बात करते देख लोगों ने पंचायत शुरू कर दी। पंचायत ने दोनों की शादी का फरमान जारी कर दिया। पंचायत में हुए इकरारनामे पर लड़के के पिता से हस्ताक्षर कराया गया।

शादी के बाद किशोर किशोरी को लेकर मां से आशीर्वाद लेने घर पहुंचा तो मां ने मुंह फेर लिया। उन्होंने किशोरी को घर में घुसने नहीं दिया। इसके चलते दोनों को घर के बाहर बने एक कोठरी में रात गुजारनी पड़ी। शनिवार सुबह वे कहां गए, यह पता नहीं चल सका है। क्षेत्र के थानाध्यक्ष प्रशांत मिश्रा का कहना है कि किसी ने भी इस बारे में कोई लिखित जानकारी नहीं दी, इसलिए वह हस्तक्षेप नहीं कर सके।

 

error: Content is protected !!